उडुपी में 29 नवंबर को होगा श्री महाधन्वंतरि महायाग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेषों के दर्शन होंगे आकर्षण

0
प्रेसवार्ता में बाएं से एमजे शेट्टी, सनातन संस्था की लक्ष्मी पै, गुरुप्रसाद गौड़ा, सनातन संस्था के धर्मप्रचारक संत पूज्य रामानंद गौड़ा और नंदन मल्या।

9 हजार से अधिक श्रद्धालु करा चुके हैं पंजीकरण, 15 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद
एमजीएम कॉलेज मैदान में दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक होगा आयोजन
उडुपी/मंगलुरु। कर्नाटक के उडुपी में 29 नवंबर को श्री महाधन्वंतरि महायाग का आयोजन किया जाएगा। सनातन संस्था की ओर से समाज के आरोग्य, राष्ट्र की सुरक्षा और लोककल्याण के संकल्प के साथ होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति के अनुसार अब तक 9 हजार से अधिक श्रद्धालु निःशुल्क पंजीकरण करा चुके हैं और करीब 15 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

महायाग उडुपी के कुंजिबेट्टू स्थित एमजीएम कॉलेज मैदान में दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगा। आयोजन में भगवान धन्वंतरि की आराधना और वैदिक अनुष्ठानों के साथ प्राचीन सोरटी सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के बताए जा रहे पवित्र अवशेषों के सार्वजनिक दर्शन भी प्रमुख आकर्षण होंगे।

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेषों के दर्शन का दावा

आयोजकों के मुताबिक, चंद्रदेवता द्वारा स्थापित प्राचीन सोरटी सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पर वर्ष 1026 में महमूद गजनवी के आक्रमण के दौरान मंदिर के पुजारियों ने शिवलिंग के कुछ पवित्र अंश सुरक्षित कर लिए थे। दावा है कि इन अवशेषों को लगभग एक हजार वर्षों तक संरक्षित रखा गया। तंजावुर के वेदकुलपति जीके सीतारामन गुरुजी ने इन अवशेषों को सार्वजनिक रूप से सामने लाया और उनमें से चार अंश सनातन संस्था को सौंपे हैं। इन्हीं के दर्शन महायाग में कराए जाएंगे।

आयोजकों ने इसे श्रद्धालुओं के लिए दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर बताया है। हालांकि, इन अवशेषों की ऐतिहासिक प्रामाणिकता के संबंध में स्वतंत्र ऐतिहासिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है; यह जानकारी आयोजन से जुड़े लोगों के दावे पर आधारित है।

वैश्विक चुनौतियों के बीच सामूहिक प्रार्थना का आह्वान

सनातन संस्था के धर्मप्रचारक संत पूज्य रामानंद गौड ने कहा कि वैश्विक संघर्ष, महामारी और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के दौर में समाज के स्वास्थ्य और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सामूहिक आध्यात्मिक संकल्प आवश्यक है। उन्होंने वेदमंत्रों के साथ भगवान धन्वंतरि की आराधना को लोककल्याण की भावना से जुड़ा आयोजन बताया।

अष्ट मठों के संतों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण

आयोजन के लिए उडुपी के विधायक यशपाल सुवर्णा की अध्यक्षता में स्वागत समिति गठित की गई है। समिति के संयोजक गुरुप्रसाद गौड और संगठन सचिव विजय कोडवूर के अनुसार उडुपी के अष्ट मठों के मठाधीशों, विभिन्न मठों के संतों, सांसदों, विधायकों और सामाजिक क्षेत्र के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है।

महायाग के आयोजन स्थल पर विशाल जर्मन हैंगर पंडाल, याग मंडप, मंच और धार्मिक ग्रंथों तथा सात्त्विक उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए स्टॉल तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन समिति ने 26 नवंबर तक तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य रखा है। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

प्रवेश निःशुल्क, पंजीकरण अनिवार्य

आयोजकों ने बताया कि महायाग में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, लेकिन सहभागिता के लिए पंजीकरण जरूरी है। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sanatanrashtrashankhnad.in/events/shri-dhanvantari-mahayaag?lang=kn पर पंजीकरण करा सकते हैं।