विधानसभा म्यूजियम में स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं को जोडा जाएगा : देवनानी

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रदेशवासियों का विधानसभा म्यूजियम देखने का आह्वान करते हुए कहा है कि इसमें स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं को जोड़ा जाए।

देवनानी ने शुक्रवार को यहां विधानसभा में राजनीतिक आख्यान संग्रहालय के संबंध में बुलाई बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा का राजनीतिक आख्यान संग्रहालय राज्य के समृद्ध इतिहास का ज्ञान कराता है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया है कि वे इस संग्रहालय को अवश्य देखें।

देवनानी ने कहा कि देश, विदेश और राज्यों के विभिन्न भागों से जयपुर आने वाले पर्यटक और अध्ययन यात्रा पर आने वाले प्रदेश के विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं विधानसभा के संग्रहालय को अवश्य देखें। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में स्वतन्त्रता आन्दोलन में राज्य की भूमिका, आधुनिक राजस्थान के निर्माण और राज्य के राजनीतिक परिदृश्य के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंंने संग्रहालय में आने वाले दर्शकों और संग्रहालय से संबंधित विभिन्न जानकारिया ली। देवनानी ने इस महत्वपूर्ण संग्रहालय के अवलोकन के लिए पर्यटकों और दर्शकों को बढाए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला पर्यटन अधिकारियों को पत्र लिखे जाएं ताकि पर्यटक और विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण संग्रहालय को देखने के लिए आ सके।

देवनानी ने कहा कि संग्रहालय में राज्य की संस्कृति और स्वतन्त्रता आन्दोलन से संबंधित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्‍यों के अनुरूप समावेशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को राज्य के समृद्ध इतिहास की जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने बैठक में विधानसभा में एक नवीन गैलेरी के निर्माण पर भी चर्चा की। प्रस्तावित गैलेरी में स्‍वतन्‍त्रता आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजस्थान के स्वतन्त्रता सैनानियों के तैल चित्र लगाए जाने के बारे में विचार-विमर्श हुआ। इससे विधानसभा में आने वाले लोगों, छात्र-छात्राओं और शोधकर्ताओं को एक स्थान पर स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं की जानकारी मिल सकेगी।

देवनानी ने डिजिटल चैनल निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश