महासमुंद। छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में धार्मिक प्रवचनकर्ता एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने छह मई को बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आगे की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के सिलयारी निवासी नरेंद्र नयन शास्त्री लंबे समय से धार्मिक प्रवचन, आध्यात्मिक कार्यक्रमों और ज्योतिषीय दावों के कारण चर्चा में रहे हैं। उनके अनुयायी उन्हें चावल वाले बाबा के नाम से जानते हैं। बताया जाता है कि वे चावल और लाल फूल के माध्यम से लोगों का भूत और भविष्य बताने का दावा करते थे।
नरेंद्र नयन शास्त्री कुछ समय पहले उस वक्त भी सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति को लेकर मुख्यमंत्री परिवर्तन संबंधी भविष्यवाणी की थी। उनके इस कथन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक चर्चा हुई थी। समर्थकों ने इसे उनकी विशेष विद्या का प्रमाण बताया था, जबकि आलोचकों ने इसे सामान्य दावा करार दिया था।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पिछले एक वर्ष के दौरान स्वयंभू धार्मिक गुरुओं के खिलाफ कार्रवाई के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले जांजगीर-चांपा जिले में दुष्कर्म के आरोप में एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया गया था। वहीं राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में धर्म की आड़ में अश्लील गतिविधियों के आरोप में एक अन्य स्वयंभू बाबा पर भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।



