टी-20 विश्वकप : दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को 6 विकेट से हराया

1

नई दिल्ली। कॉर्बिन बॉश (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद डेवाल्ड ब्रेविस (36), रायन रिकलटन (30) और कप्तान एडन मारक्रम (28) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 विश्वकप के 34वें मुकाबले में बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 40 गेंदे शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला हारे बिना सुपर आठ में जगह बना ली है। कॉर्बिन बॉश को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को कप्तान एडन मारक्रम और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हैदरअली ने एडन मारक्रम को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। मारक्रम ने 11 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 28 रन बनाए।

छठे ओवर में मुहम्मद जवादुल्लाह ने क्विंटन डी कॉक (14) को अपना शिकार बना लिया। इसके बाद रायन रिकलटन ने डेवाल्ड ब्रेविस ने तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर दक्षिण अफ्रीका की जीत पक्की कर दी। 11वें ओवर में मोहम्मद फारूक ने रायन रिकलटन को आउटकर यूएई को तीसरी सफलता दिलाई। रिकलटन ने 16 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 30 रनों की पारी खेली।

अगले ही ओवर में दक्षिण अफ्रीका का चौथा विकेट डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में गिरा। डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 गेंदों में तीन छक्के और एक चौका लगाते हुए 36 रनों की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने 13.2 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाकर मुकबला छह विकेट से अपने नाम किया। यूएई के लिए हैदर अली, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद इरफान और मोहम्मद फारूक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां आलीशान शराफु (45) और कप्तान मुहम्मद वसीम (22) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने वर्षा प्रभावित मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 122 रनों का स्कोर बनाया।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आलीशान शराफु ने 38 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 45 रनों की पारी खेली। कप्तान मुहम्मद वसीम ने 12 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 22 रन बनाए।

आर्यंष शर्मा (13) और मुहम्मद इरफान (11) रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे यूएई के चार बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश ने तीन विकेट लिए। एनरिक नॉर्टजे को दो विकेट मिले। जॉर्ज लिंडे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।