पांच साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी तनिशा मुखर्जी

0

मुंबई। अभिनेत्री तनिशा मुखर्जी लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। करीब पांच साल के ब्रेक के बाद तनिशा फिल्मकार कपिल कौस्तुभ शर्मा की आगामी फिल्म ‘जिंदगी फिर भी खूबसूरत है’ से सिनेमाघरों में वापसी करेंगी।

यह फिल्म मुंबई की पारसी कम्युनिटी की पृष्ठभूमि में बुनी गई कहानी पर आधारित है। फिल्म की कहानी 1990 के दशक से शुरू होकर वर्ष 2025 तक पहुंचती है। इसमें प्रेम, हास्य और पारिवारिक एवं मानवीय रिश्तों से जुड़े भावनात्मक पहलुओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है।

फिल्म में तनिशा मुखर्जी का किरदार समय के साथ जिंदगी के अलग-अलग दौर से गुजरता दिखाई देगा। उनके किरदार के जरिए बदलते समय, रिश्तों और व्यक्तिगत अनुभवों को पर्दे पर सामने लाने की कोशिश की गई है।

फिल्म के निर्देशक कपिल कौस्तुभ शर्मा का कहना है कि तनिशा के अभिनय में भावनात्मक गहराई है, जो इस कहानी के लिए महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, फिल्म का विषय ऐसा है जिसमें भावनाओं के कई स्तर देखने को मिलेंगे और तनिशा का किरदार कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

कपिल कौस्तुभ शर्मा इससे पहले ‘मार्गाओ फाइल्स’ को लेकर चर्चा में रहे हैं। उस फिल्म की सफलता के बाद अब उन्होंने मुंबई की पारसी समुदाय की पृष्ठभूमि को केंद्र में रखते हुए यह कहानी तैयार की है।

‘जिंदगी फिर भी खूबसूरत है’ में 1990 के दशक से लेकर 2025 तक के सामाजिक और व्यक्तिगत बदलावों को कहानी के माध्यम से दिखाने का प्रयास किया गया है। फिल्म में रोमांस और कॉमेडी के साथ रिश्तों की जटिलताओं और जीवन के उतार-चढ़ाव को भी जगह दी गई है।

तनिशा मुखर्जी के प्रशंसकों के लिए यह वापसी खास मानी जा रही है, क्योंकि वह करीब पांच साल बाद किसी फिल्म में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। फिल्म की कहानी और उनके किरदार को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है।