बाराबंकी में किशोरी का धर्मांतरण कर कराया निकाह

0

बारबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के कोतवाली फतेहपुर में तैनात रहे सिपाही की मदद से युवक ने पहले तो किशोरी का ब्रेनवाश कर धर्मांतरण कराया फिर मजार पर मौलाना के पास जा कर निकाह करा दिया।

आरोप है कि आरोपी लगातार किशोरी का यौन उत्पीड़न करता रहा। गर्भवती होने पर दो बार गर्भपात तक करा दिया। किशोरी की मां ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद फतेहपुर कोतवाली में सिपाही समेत चार नामजद और आठ अन्य पर केस दर्ज किया गया।

पुलिस दो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की मूल निवासी महिला कई माह से नगर फतेहपुर के एक मोहल्ले में नाबालिग पुत्री के साथ रह रही है। उसके पति की मौत हो चुकी है।

पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया कि वर्ष 2024 में फतेहपुर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल आसिफ ने पुत्री से सम्पर्क किया। फोन पर बातचीत के बाद सिपाही ने पुत्री का यौन शोषण का प्रयास किया। किशोरी के मना करने पर गरीबी का फायदा उठाकर धन देने के लालच के साथ अवैध धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने लगा।

इसी दौरान सिपाही आसिफ ने किशोरी का सम्पर्क सऊदी में रहने वाले जावेद से कराया। कुछ दिनों बाद जावेद उसे अपने जीजा रेहान निवासी ग्राम चक थाना सफदरगंज के पास ले गया। रेहान और सिपाही आसिफ ने उसका सम्पर्क बाराबंकी के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी हमजा से कराया। हमजा के साथ जावेद किशोरी को लेकर मसौली क्षेत्र में एक मजार पर मौलाना के पास पहुंचा। मौलाना और आधा दर्जन से अधिक लोगों ने वाहन में ही जबरन जावेद से किशोरी का निकाह करा दिया।

किशोरी की मां का आरोप है कि किशोरी के धर्मांतरण, यौन उत्पीड़न के सभी आरोपी संगठित गिरोहबंद हैं। इनके विरुद्ध शिकायत पर अब जान माल के हानि की धमकी दी जा रही है। प्रकरण को गंभीरता से लेकर पुलिस अधीक्षक विजय वर्गीय ने मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ कर रही है।