सड़क हादसे में भूपालपल्ली के जिला परिवहन अधिकारी वेंकन्ना की मौत

0

हैदराबाद। तेलंगाना में भूपालपल्ली जिले के घनपुरम मंडल में चेलपुर के पास क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के सामने सोमवार को गाड़ियों की जांच करते समय जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) वेंकन्ना (47) की सड़क हादसे में मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक यह घटना तब हुई जब गाड़ी की जांच के दौरान जब्त किए गये एक हार्वेस्टर को सुरक्षित जगह पर ले जाया जा रहा था। इस दौरान एक बेकाबू ट्रक ने पहले हार्वेस्टर को टक्कर मारी और फिर वेंकन्ना को टक्कर मार दी। वह अपनी कार के पास खड़े थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हनमकोंडा के निवासी और 2012 बैच के परिवहन अधिकारी वेंकन्ना का 15 दिन पहले ही जगतियाल से भूपालपल्ली जिले में स्थानांतरण हुआ था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को हिरासत में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बीच, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अधिकारी की मौत पर गहरा दुख जताया और दुखी परिवार को हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया। उन्होंने संयुक्त परिवहन आयुक्त चंद्रशेखर गौड़ को भी घटना की पूरी जांच करने और रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।