रायबरेली में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत, दो गंभीर घायल

3

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुये शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सलोन ने बताया कि हादसा डीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर के पास हुआ। प्रतापगढ़ के सांगीपुर निवासी चंदन मिश्रा अपने साथियों मुकेश कुमार, कुणाल कुमार, विष्णु ठाकुर और अभिषेक सिंह के साथ रायबरेली से वापस प्रतापगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

हादसे में मुकेश कुमार और कुणाल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विष्णु ठाकुर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।

वहीं चंदन मिश्रा और अभिषेक सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।