तीन अमरीकी एफ-15 स्ट्राइक ईगल गलती से कुवैत के हमले में गिरे : अमरीकी सेना

0

कुवैत सिटी। अमरीकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने घोषणा की है कि तीन अमरीकी लड़ाकू विमान कुवैत की ओर से गलती से हुए हमले में गिर गए हैं।
सेंटकॉम के बयान के अनुसार कुवैती हवाई रक्षा प्रणाली ने सोमवार को गलती से ‘एफ-15 स्ट्राइक ईगल’ लड़ाकू विमानों को मार गिराया।

बयान में कहा गया कि ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन पर सक्रिय हमले के दौरान अमरीकी वायु सेना के लड़ाकू विमानों को कुवैती हवाई रक्षा द्वारा गलती से मार गिराया गया।

बयान में कहा गया कि चालक दल के सभी छह सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए, उन्हें बचा लिया गया है और उनकी स्थिति स्थिर है। कुवैत ने इस घटना को स्वीकार किया है और हम कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों तथा इस चल रहे अभियान में उनके सहयोग के लिए आभारी हैं।

सेंटकॉम के अनुसार घटना के कारणों की जांच की जा रही है। ये जेट विमान ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान (ऑपरेशन एपिक फ्यूरी) के लिए उड़ान भर रहे थे।