
सबगुरु न्यूज-आबूरोड। आबूरोड में पिछले दो दिनों से एक स्क्रीन शाॅट तेजी से वायरल हो रहा है। इस स्क्रीन शाॅट में एक पार्टी विशेष की सिरोही जिले के प्रमुख पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए दिख रहे हैं। ये पोस्ट फेसबुक पर लिखी गई है। सबसे महत्वपूर्ण बात ये कि इस पोस्ट को इस पार्टी के प्रदेश संगठन और जिस नेता पर ये आरोप लगाए गए हैं उसे भी टैग किया गया है। अब सवाल ये उठता है कि ये हकीकत है या एक काॅन्सपीरेसी थ्योरी।
– संगठन का कार्यकर्ता
फेसबुक वाॅल पर नेता की फोटो के साथ वायरल इस पोस्ट में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें आरोप लगाए गए हैं कि नगर पालिका और पंचायत के चुनावों में टिकिट बेचे जा रहे हैं। यही नहीं इन आरोपों के साथ ये भी दावा किया जा रहा है कि यही कारण है पार्टी निकाय और पंचायत चुनाव हारने जा रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि जिस व्यक्ति ने ये पोस्ट की है उसने अपनी प्राफाइल में इसी संगठन की युवा विंग से जुडे होने की जानकारी दी हुई है।
– परिणाम बताएगा आरोपों की हकीकत
इस पोस्ट में जो आरोप लगाए हैं वो वाकई गंभीर हैं। लिखने वाला बंदा खुदको पुणे के संगठन की युवा ईकाई से जुडा बता रहा है ऐसे में सवाल ये भी उठता है कि पुणे के नेता को सिरोही जिले से क्या मतलब। जैसे आरोप लगाए गए हैं वो सच भी हैं तो ये बात जिला संगठन के किसी कार्यकर्ता या पदाधिकारी ने क्यों कभी नहीं कही। यूं सिरोही जिले का महाराष्ट्र से गहरा नाता रहा है। यहां के लोग महाराष्ट में प्रवासी हैं। ऐसे में संभावना ये जताई जा रही है कि यहीं के किसी नेता के द्वारा ये फीडबैक दिया गया हो और उसके बाद ये पोस्ट और इसके बाद ये स्क्रीन शाॅट वायरल हुआ हो। दोनों ही सूरत में संगठन को इन अरोपों के पीछे की हकीकत पता लगानी जरूरी है। क्योंकि यदि ये सत्य है और इससे बोर्ड और पंचायतों में संगठन को नुकसान पहुंचता है तो फिर पछतावे के सिवा कुछ नहीं रहेगा।
सिरोही में व्हाट्स एप स्क्रीनशाॅट पर चर्चा
आबूरोड में ही नहीं सिरोही में भी एक स्क्रीन शाॅट तेजी से वायरल हो रहा है। ये स्क्रीन शाॅट व्हाट्स एप समूह में की गई पोस्ट का है। सिरोही के भाजपा समूह में भाजपा नेता निम्बाराम देवासी का स्क्रीन शाॅट वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने लिखा है कि यदि सिरोही में भाजपा का बोर्ड जाता है तो उसकी वजह एक ही व्यक्ति होगा। उस व्यक्ति की जगह उसकी पहचान भाजपा के अभियान से जोडकर बताई है। निम्बाराम देवासी ने उस नेता को उसके जन्मदिन पर बधाई बडेे ही व्यंग्यात्मक और कटु अंदाज में दी है। पहले उन्हें इस राज में दी गई जिम्मेदारियों का जिक्र किया। फिर लिखा कि और कोई जिम्मेदारी। इसके बाद लिखते हैं है कि सिरोही नगर निकाय में रमण भमण का जिम्मेदार को जन्मदिन की बधाई। देवासी ने आरोप लगाया कि सिरोही में बोर्ड सिर्फ इस व्यक्ति के विरोध के कारण जाएगा। स्क्रीनशाॅट में लिखा है कि चुनाव कार्यकर्ताओं के अनुभव और धरातलीय पकड से जीते जाते हैं।