सीआरपीएफ जवानों पर हमले का था आरोपी, सिर पर था 15 लाख रुपए का इनाम; सुरक्षाबलों ने आत्मसमर्पण के लिए वीडियो कॉल से भी की थी कोशिश
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। देवसर क्षेत्र के जांगलपोरा (जंगलपोरा) गांव में बुधवार को हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, वह पिछले कई आतंकी हमलों में कथित रूप से शामिल था और उसके सिर पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस को इलाके में लतीफ भट की मौजूदगी के संबंध में पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने जांगलपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों की कार्रवाई के दौरान लतीफ एक स्थानीय मस्जिद में जाकर छिप गया।
सुरक्षाबलों ने धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने के लिए काफी संयम बरता। कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली चौधरी ने बताया कि लतीफ को आत्मसमर्पण के लिए कई बार समझाया गया। पुलिस अधिकारियों और सेना के अधिकारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उससे बातचीत की तथा हथियार डालने की अपील की, लेकिन उसने आत्मसमर्पण से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई गोलीबारी में वह मारा गया।
सीआरपीएफ के तीन जवानों पर हमले में था वांछित
पुलिस के अनुसार लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में कथित रूप से शामिल था। इस हमले में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में लतीफ और उसके सहयोगी उमर निसार दर को हमले से पहले विभिन्न स्थानों की रेकी करते हुए देखा गया था। लतीफ पर दक्षिण कश्मीर में पुलिसकर्मियों और प्रवासी मजदूरों की हत्याओं सहित कई अन्य आतंकी वारदातों में शामिल होने के आरोप भी थे। सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
दो दिन पहले मारा गया था सहयोगी उमर निसार
लतीफ की तलाश में सुरक्षाबलों ने इससे पहले भी कुलगाम के लारू इलाके में अभियान चलाया था। सोमवार को हुई मुठभेड़ में उसका सहयोगी उमर निसार दर मारा गया था, जबकि लतीफ वहां से बच निकलने में सफल रहा था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया था। बुधवार को खुफिया सूचना के आधार पर दोबारा घेराबंदी कर उसे जांगलपोरा में घेर लिया गया।
अमित शाह ने सुरक्षाबलों की कार्रवाई को सराहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लतीफ भट को मार गिराने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी बताते हुए कहा कि लतीफ घाटी में लश्कर का अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी था।



