शिमला में दर्दनाक हादसा : खाई में गिरी कार, मां-बेटे और तीन नेपाली महिलाओं सहित 5 की मौत

1

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दरोटी गांव के मां-बेटे और नेपाल की तीन महिला मजदूर शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब खेत में घास काटने के काम के लिए मजदूरों को ले जा रही कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना जिले की टिक्कर तहसील के नावर क्षेत्र में दरोटी संपर्क मार्ग पर पानू नाला के पास हुई। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दरोटी निवासी कुशल अपनी मां और नेपाली महिला मजदूरों को कार से गांव की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों में तीन नेपाली महिला मजदूर

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दरोटी निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद के रूप में हुई है। इनके अलावा नेपाल की तीन महिला मजदूर निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम की भी दुर्घटना में मौत हो गई।

हादसे में प्रेम नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे पहले टिक्कर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस तथा प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य किया। मृतकों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार दरोटी संपर्क मार्ग पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है और इस पर कई तीखे मोड़ हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ, इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत

टिक्कर की तहसीलदार प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की सहायता दी गई है। नियमानुसार आगे की सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जताया शोक

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे में पांच लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घायल व्यक्ति के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। एक ही हादसे में पांच लोगों की मौत से दरोटी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।