दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, अलवर के दो युवकों की मौत

0

अलवर। राजस्थान में दौसा जिले के बांदीकुई थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक वाहन और कार की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा खटीक के तिबारे के पास एक्सप्रेस-वे के पिलर संख्या 155.8 के निकट हुआ। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राजमार्ग गश्ती दल ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा यूनिट में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान अलवर जिले के धोलागढ़ थाना क्षेत्र के भनोखर निवासी टीकम मीणा (35) और निठारी निवासी पटवारी मीणा (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिए गए।

मृतकों के एक परिचित की कार एक्सप्रेस-वे पर पिलर संख्या 157 के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दोनों युवक उसी कार को क्रेन की मदद से हटवाने और संभालने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।