त्रिपुरा में गैंगरेप के बाद आग के हवाले की गई महिला की मौत

0

13 दिन तक अस्पताल में चली जिंदगी की जंग
अगरतला। त्रिपुरा के दक्षिण जिले के सबरूम इलाके में कथित सामूहिक दुष्कर्म और बर्बर प्रताड़ना का शिकार हुई महिला की रविवार को मौत हो गई। गंभीर रूप से जलने के बाद उसे अगरतला के जीबी पंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 13 दिनों तक उपचार के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कथित वारदात 9 नवंबर की रात सबरूम थाना क्षेत्र के लुधुआ (नूतन पारा) इलाके में हुई थी। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, महिला और उसके पति को एक स्थानीय व्यक्ति के घर ले जाया गया था, जहां उन्हें नशीला पदार्थ दिया गया। आरोप है कि पति के बेहोश हो जाने के बाद दो युवकों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हालांकि, इन आरोपों की जांच जारी है।

बताया गया है कि घटना के अगले दिन 10 नवंबर को महिला ने मानसिक आघात से परेशान होकर खुद को आग लगा ली थी। परिजनों ने उसे पहले सबरूम उपखंड अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए अगरतला के जीबी पंत अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन 13 दिन बाद रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, दूसरा फरार

पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। जांच के दौरान महिला का मृत्यु पूर्व बयान भी दर्ज किया गया, जिसे मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

विपक्ष और महिला संगठनों ने जताया आक्रोश

महिला की मौत के बाद त्रिपुरा में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। माकपा के प्रदेश सचिव एवं विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की नेता कृष्णा रक्षित ने मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और उसके बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी उठाने की भी मांग की।

दूसरी ओर, दक्षिण त्रिपुरा पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं और अफवाहें प्रसारित नहीं करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। महिला की मौत के बाद अब मामले में निष्पक्ष जांच, शेष आरोपी की गिरफ्तारी और दोषियों को सजा दिलाने की मांग तेज हो गई है।