इंफाल। मणिपुर में सोमवार को उखरुल जिले के नुंगशांगकोंग के पास अज्ञात हथियारबंद उग्रवादियों ने असम राइफल्स की 40वीं बटालियन के काफिले पर घात लगाकर हमला किया जिससे दो जवान शहीद हो गए।
राज्य के गृह मंत्री के गोविंदस सिंह ने इस घटना को बेहद दुखद और राज्य में शांति प्रयासों में बाधा डालने वाला बताया और लोगों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
पुलिस के अनुसार हमलावरों ने काफिले पर गोलीबारी की, जिससे दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए इंफाल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें संगशक स्थित असम राइफल्स कैंप ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके में तलाश अभियान शुरू किया है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और मकसद का पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने हमले में असम राइफल्स के दो जवानों की मौत की कड़ी निंदा की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी और न ही इन अत्याचारों को मूकदर्शक बनकर देखेगी। उन्होंने कहा कि हत्या के लिए जिम्मेदार दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और देश के कानून के अनुसार सजा दी जाएगी।



