गियर बॉक्स के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 3.92 करोड़ का सोना, दो अरेस्ट

0

चंदौली। बिहार से दिल्ली जा रही एक कार में गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष बॉक्स में छिपाकर ले जाया जा रहा करीब 3.92 करोड़ रुपए मूल्य का 2.565 किलोग्राम सोना पुलिस ने बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि स्वाट/एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक सफेद रंग की किआ कैरेंस कार में दो लोग सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना के आधार पर चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

पूछताछ में चालक की पहचान महाराष्ट्र निवासी जुबेर मुबारक शेख और उसके साथ बैठे हरियाणा निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर सोना छिपाया गया है। उनकी निशानदेही पर बॉक्स खुलवाने पर कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटी दो सोने की सिल्लियां बरामद हुईं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बरामद सोने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसकी सूचना आयकर विभाग और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को दी गई। अधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी वैल्यूअर से सोने का वजन और मूल्यांकन कराया गया, जिसमें इसका वजन 2 किलो 565.720 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपए पाई गई।

आयकर विभाग की प्रारंभिक जांच में बरामद सोने को विदेश में निर्मित बताया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद सोना नियमानुसार डीआरआई को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और हरियाणा नंबर की किआ कैरेंस कार भी बरामद की है। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर पाण्डेय और स्वाट/एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस तथा स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम ने की।