बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं में शादी के चंद दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार हो गयी। सोमवार को दुल्हन खुद थाने पहुंच गई और सबके सामने कह दिया कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। पति की रजामंदी के बाद उसे जाने की इजाजत दे दी गई।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मौसमपुर निवासी सुनील की शादी 17 मई को बिसौली थाना क्षेत्र के गांव की खुशबु से हुई थी। 18 मई को सुनील पत्नी को विदा कराकर अपने घर लाया। शादी के बाद की रस्मों के बीच दुल्हन ससुराल में 9 दिन तक रही। इसके बाद मायके पक्ष दुल्हन को विदा कराकर ले गया। करीब 10 दिन बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
पति सुनील ने बताया कि मैंने पत्नी के विदा होने के बाद नैनीताल हनीमून पर ले जाने का प्लान बनाया था। लेकिन जब उसे अपने प्रेमी के साथ रहना है तो मैं भी खुश हूं। अच्छा हुआ मैं राजा रघुवंशी बनने से बच गया! अब हम तीनों खुश हैं। पत्नी और उसके प्रेमी को प्रेम मिल गया और मेरी जिंदगी भी बर्बाद होने से बच गई।
वहीं इस पूरे मामले पर दूल्हे की भाभी राधा ने थाने में कहा कि हमने अपने देवर की शादी की थी। लड़की हमारे घर 8 दिन रही, फिर मायके चली गई। वहां से वो अपने गांव के ही प्रेमी के साथ भाग गई। अब थाने आकर हमने यही कहा जो सामान दिया था, वो हमें वापस कर दो। उन्होंने भी सामान लौटा दिया है, हमने भी दे दिया। समझौता हो गया है और अब लड़की अपने प्रेमी के साथ चली गई है।
बिसौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों का मामला उनके सामने आया था जिसमें दुल्हन अपने पति के साथ रहने को इनकार कर रही थी और अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद कर रही थी। दोनों परिवारों की आपसी सहमति से सामान का आदान-प्रदान कर वापस कर दिया गया है। लिखा पढ़ी में दोनों पक्षों का सारा सामान वापस कर दिया गया है और परिजनों और दूल्हे की सहमति से दुल्हन कोतवाली से ही अपने प्रेमी के साथ चली गई है और लड़के वाले अपने घर वापस चले गए हैं। दोनों पक्षों में सुलह हो चुकी है और पुलिस थाने में इस पर सहमति दर्ज की गई है।