उत्तराखंड : भाजपा ने बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव जीता, पार्वती दास विजयी

बागेश्वर/नैनीताल। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड के बागेश्वर विधानसभा उप चुनाव में शुक्रवार को जीत हासिल कर ली। भाजपा की प्रत्याशी पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को 2405 मतों से शिकस्त दी है। कांग्रेस ने उपचुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस विजय पर भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास को बधाई दी है।

उपचुनाव में कुल 67108 मत पड़े जिसमें से विधि मान्य मतों की संख्या 65876 रही। इसमें 181 मत रद्द किए गए। जबकि 1257 मत नोटा को मिले। चौदह दौर की गणना में भाजपा प्रत्याशी को 33247 मत हासिल हुए जबकि कांग्रेस के बसंत कुमार को 30842 मत मिले। अन्य दल आसपास भी नहीं ठहर पाए। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) को 857, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) को 268 और समाजवादी पार्टी को मात्र 637 मत मिले हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार पहले, सातवें, दसवें और 14वें चरण में आगे रहे। बाकी अन्य चरणों में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास लगातार आगे बनी रही। पोस्टल बैलेट में भी भाजपा प्रत्याशी आगे रही। कुल 1538 पोस्टल बैलेट में भाजपा को 781, कांग्रेस को 697 मत मिले जबकि नोटा को 25 मत हासिल हुए। तेरहवें चरण तक भाजपा प्रत्याशी 2806 मत से आगे चल रही थी लेकिन 14वें चरण में कांग्रेस प्रत्याशी को 1460 मत हासिल हुए जिससे जीत का अतंर घटकर 2401 रह गया।

उपचुनाव के लिहाज से भाजपा के लिए यह जीत आसान नहीं रही। कांग्रेस ने भाजपा को यहां कड़ी टक्कर दी। इससे साफ है कि प्रदेश में भाजपा की डगर आगे कठिन हो सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी टीम को आगे कड़ी मेहनत करनी होगी।

धामी ने उप चुनाव में मिली जीत पर खुशी जाहिर करते हुए भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास को बधाई दी है। भाजपा प्रत्याशी दास ने भी जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि वह अपने पति के अधूरे कामों को जनता के सहयोग से पूरा करेगी।