पीएम मोदी की कल्याणकारी नीतियों से आत्मनिर्भर और सशक्त बन रही महिलाएं : रावत

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं से आज संपूर्ण भारत देश की महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त हुई है। प्रधानमंत्री का अटल संकल्प है कि हमें अपने हर संसाधन का पूरा इस्तेमाल करना होगा। यह आत्मनिर्भर भारत का भी मंत्र है। यह बात मुख्य अतिथि एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शनिवार को अजमेर जिला भाजपा देहात कार्यालय कांकरदा भूणाबाय में आयोजित शक्ति वंदन जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि हम जब लोकल की ताकत पहचानेंगे तभी तो देश आत्मनिर्भर होगा और प्रधानमंत्री की इसी सोच के तहत बनाई गई नीतियों से महिलाओं के स्वयं सहायता समूह और अनेकों एनजीओ द्वारा महिलाओं के सशक्तीकरण के कार्य हो रहे हैं। इससे आज हमारी महिलाएं देश के उत्थान में बराबर की साझेदार बन रही है।

कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा जिला देहात कार्यकारिणी एवं महिला विंग ने जल संसाधन मंत्री रावत का 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर और साफा बंधवाकर शानदार अभिनंदन किया। विधिवत पूजा अर्चना कर और दीप प्रज्वलित कर जल संसाधन मंत्री रावत ने अतिथियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम में सांसद भागीरथ चौधरी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, अजमेर जिला भाजपा देहात अध्यक्ष देवी शंकर भूतड़ा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सरिता गैना, पूर्व जिलाध्यक्ष बीपी सारस्वत, जिला महामंत्री जीतमल प्रजापति, प्रभारी रमा चौपड़ा, शक्ति सिंह रावत सहित बडी संख्या में महिलाएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।