हम निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार : अमरीका को ईरान की चेतावनी

0

तेहरान। ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने ईरानी जहाज़ पर कब्ज़ा करने के लिए अमरीका को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि वह समझौते का उल्लंघन करने के लिए दुश्मन को निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है।

ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार खातम अल-अंबिया केन्द्रीय मुख्यालय के कमांडर अली अब्दुल्लाही ने यह टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें ईरान के लोगों का समर्थन प्राप्त है।

अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान के लोग उत्साह के साथ हमारे पीछे खड़े हैं। ये टिप्पणियां तब सामने आई हैं, जब ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमरीका के कब्जे में मौजूद एक वाणिज्यिक जहाज़ और उसके चालक दल को तत्काल रिहा करने की मांग की है। इससे तनाव बढ़ गया है।

तस्नीम के अनुसार यह प्रतिक्रिया रविवार को ईरानी झंडे वाले कंटेनर जहाज़ तौस्का को ज़ब्त किए जाने से संबंधित है। ईरान ने अमरीकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे क्षेत्रीय जलक्षेत्र में तनाव का एक गंभीर बढ़ाव बताया।

एक आधिकारिक बयान में विदेश मंत्रालय ने उस घटना की भर्त्सना की जिसे उसने एक ईरानी वाणिज्यिक जहाज़ पर अमरीकी हमला करार दिया साथ ही, मंत्रालय ने जहाज़ को ज़ब्त किए जाने और उसके चालक दल तथा उनके परिवारों को बंधक बनाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की। मंत्रालय ने हिरासत में लिये गये सभी लोगों की बिना किसी शर्त रिहाई की मांग की।

मंत्रालय ने घोषणा की कि ईरान का इस्लामी गणराज्य ईरानी जहाज़ और उसके नाविकों, चालक दल तथा उनके परिवारों की तत्काल रिहाई की आवश्यकता पर ज़ोर देता है। ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसे कदमों से व्यापक मध्य पूर्व क्षेत्र में अस्थिरता फैलने का खतरा है, और स्थिति में किसी भी तरह की बढ़ोत्तरी की पूरी ज़िम्मेदारी सीधे तौर पर वॉशिंगटन पर डाली। बयान में कहा गया कि इस क्षेत्र में स्थिति के और अधिक जटिल होने की पूरी ज़िम्मेदारी संयुक्त राज्य अमरीका की है।

यह कूटनीतिक विवाद अमरीकी केन्द्रीय कमान (सेंटकॉम) द्वारा जारी किए गए एक फुटेज के बाद सामने आया है, जिसमें ओमान की खाड़ी में एक समुद्री अभियान दिखाया गया था। एक्स पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में अमरीकी नौसैनिकों को यूएसएस ट्रिपोली से हेलीकॉप्टर के ज़रिए निकलते हुए और फिर उस जहाज़ पर चढ़ते हुए दिखाया गया था।

तसनीम द्वारा जारी एक बयान में, ईरान ने अमरीका पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन करने और समुद्री डकैती करने का आरोप लगाया। यह आरोप तब लगाया गया, जब एक जहाज़ को निशाना बनाया गया और उसे ज़ब्त कर लिया गया। ईरानी सेना ने इस अभियान के दौरान जहाज़ के सिस्टम में हस्तक्षेप करने का भी आरोप लगाया।

ईरानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि हम चेतावनी देते हैं कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं जल्द ही अमरीकी सेना द्वारा की गयी इस सशस्त्र समुद्री डकैती का जवाब देंगी और इसके विरुद्ध जवाबी कार्रवाई करेंगी।

होर्मुज जलडमरूमध्य पूर्णतः बंद होने की घोषणा

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने मंगलवार को घोषणा की कि तेहरान ने अगली सूचना तक होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर दिया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमरीका-इजराइल दुश्मन के हालिया हमले और युद्धविराम के उल्लंघन के बाद यह निर्णय लिया गया। इससे पहले वाणिज्यिक जहाजों के नियंत्रित आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए थे, लेकिन अब उन्हें भी बंद कर दिया गया है।

एजेंसी के अनुसार यह प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा जब तक ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकेबंदी को पूरी तरह हटाने की गारंटी नहीं दी जाती। रिपोर्ट में हालिया हमले का स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया, लेकिन यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है, जब अमरीकी बलों ने हाल ही में अरब सागर में एक ईरानी वाणिज्यिक जहाज को जब्त किया था।

अमरीकी रक्षा विभाग के अनुसार मंगलवार को भी अमरीकी सेना ने एक अन्य ईरान-संबंधित जहाज को रोका और उस पर सवार होकर कार्रवाई की। पेंटागन ने बताया कि एम/टी टिफानी नामक कच्चे तेल के टैंकर को इंटरसेप्ट किया गया और कार्रवाई बिना किसी घटना के पूरी की गई।