ममता बनर्जी की भांजी वृष्टि मुखर्जी ने अपने आवास में कथित तौर पर सुसाइड की

0

रामपुरहाट। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भांजी वृष्टि मुखर्जी का शव मंगलवार दोपहर यहां घर पर फांसी के फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।

वृष्टि (28 वर्ष), ममता बनर्जी के मौसेरे भाई और रामपुरहाट ब्लॉक नंबर एक के पूर्व तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष निहार मुखर्जी की बेटी थीं। परिजनों के अनुसार वृष्टि पिछले चार-पांच सालों से डिप्रेशन की समस्या से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। संभवतया पारिवारिक और पेशेवर संकट बढ़ने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

हाल के दिनों में वृष्टि कानूनी उलझनों और निजी परेशानियों के कारण काफी तनाव में थीं। वह एक स्थानीय स्कूल में समूह ग के पद पर कार्यरत थीं, लेकिन पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में कानूनी कार्रवाई के बाद उनकी नौकरी चली गई थी। केंद्रीय जांच एजेंसियों ने उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए थे, जिसमें यह बात सामने आई थी कि निष्पक्ष भर्ती के बजाय फर्जीवाड़े के जरिए नियुक्तियां की गई थीं।

रामपुरहाट के कुसुम्बा गांव स्थित अपने ननिहाल के घर में रह रही वृष्टि का मानसिक स्वास्थ्य चल रहे उनके तलाक के मुकदमे के कारण और बिगड़ गया था। मंगलवार दोपहर उनका शव कुसुम्बा गांव वाले घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर रामपुरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए औपचारिक जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि वृष्टि पिछले कुछ समय से अवसाद के कारण ज्यादातर घर में ही अकेली रहती थीं। एक रिश्तेदार ने बताया कि वह सुबह भी घर में ही थीं और अचानक दोपहर में उनके गले में रस्सी बंधी मिली, जिससे हर कोई स्तब्ध है।