उत्तर प्रदेश के बरेली में दहेज न मिलने पर पत्नी की नाक काटी

बरेली। उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में दहेज न मिलने से नाराज युवक ने पत्नी की नाक काट ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी घर से भाग गया। लहूलुहान विवाहिता ने ससुराल पक्ष के छह सदस्यों के खिलाफ थाना सीबीगंज में एफआईआर दर्ज कराई है।

पुलिस अधीक्षक नगर राहुल भाटी ने बुधवार को बताया कि नजमी नामक महिला ने अपने पति नाजिम, ससुर साबिर, परिवारीजन रिहान, रुखसार, माजिद हुसैन और सईद अहमद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और शरीर को चोट पहुंचाने की एफआईआर दर्ज कराई है।

महेशपुर निवासी नजमी ने बताया कि डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनका पांच माह का एक बेटा है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर परेशान करने लगे। पति नाजिम, देवर साबिर, सास रेहाना, ससुर माजिद हुसैन, नवदिया निवासी ननद रुखसार और उसका पति सईद अहमद उत्पीड़न करने लगे।

विरोध करने पर पति ने कई बार मारपीट कर घर से निकाला लेकिन पंचायत के चलते हर बार समझौता हो गया। इसके बाद भी आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। ससुराल वालों ने जमकर पीटा। पति नाजिम ने गुस्से में अपने दांतों से उनकी नाक, मुंह से काट कर जख्मी कर दिया।

पति ने घर से निकालते हुए वापस आने पर पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। सीबीगंज पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।