नोएडा की रिहायशी सोसाइटी में 18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान

1

नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित लोटस स्पेसिया सोसाइटी में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सोसाइटी की 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर 46 वर्षीय महिला ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट और अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के क्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल (46), पत्नी पल्लव अग्रवाल, निवासी टावर-32, लोटस स्पेसिया सोसाइटी नोएडा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पारुल ने आज सोसाइटी की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पूछताछ में मृतका के पति पल्लव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि पारुल अग्रवाल पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। पुलिस फिलहाल इसी पहलू को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक घटनास्थल से ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिससे प्रथम दृष्टया किसी आपराधिक घटना की आशंका प्रतीत हो। इसके बावजूद फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद लोटस स्पेसिया सोसाइटी के लोग स्तब्ध हैं। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाकर आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी कराई।

सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संबंधित तथ्यों को एकत्र कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।