चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक महिला को पति के बुलाने का झांसा देकर जंगल में ले जाने और तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। मानिकपुर कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर मानिकपुर कोतवाली क्षेत्र की है। पीड़िता जिस व्यक्ति के साथ रह रही थी, उसे वह अपना पति मानती है। मंगलवार को उस व्यक्ति की पहली पत्नी अपने दो बच्चों के साथ ससुराल पहुंची थी। इस दौरान दोनों महिलाओं के बीच विवाद हो गया।
बताया गया कि व्यक्ति ने दोनों को समझाकर विवाद शांत कराया और पहली पत्नी को गांव से कुछ दूरी पर ऑटो में बैठाने के लिए चला गया। इसी बीच नाराज होकर दूसरी महिला भी घर से बाहर निकल गई।
पति के बुलाने की बात कहकर साथ ले गया आरोपी
आरोप है कि रास्ते में महिला को गांव का छैला नामक युवक मिला। उसने महिला से कहा कि उसके पति ने उसे बुलाया है और इसी बहाने उसे अपने साथ ले गया। महिला को रेलवे लाइन पार कराकर महुआ के पेड़ के पास जंगल की तरफ ले जाया गया।
पीड़िता का आरोप है कि वहां गांव के ही छुटकू और पुरुषोत्तम पहले से मौजूद थे। तीनों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद महिला किसी तरह घर पहुंची और अपने साथ रह रहे व्यक्ति को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसे मानिकपुर थाने ले जाया गया, जहां पुलिस को शिकायत दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। नामजद आरोपी छैला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं, छुटकू और पुरुषोत्तम की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। प्रभारी निरीक्षक एके पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



