देखती रह गई पुलिस और पब्लिक, टावर पर चढी युवती फंदे से झूली

1

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। धुमाडांड गांव की 22 वर्षीय युवती नीलिमा लकड़ा ने मंगलवार सुबह कुनकुरी थाना परिसर के सामने स्थित ऊंचे टावर पर चढ़कर फांसी लगा ली। घटना के दौरान युवती मोबाइल पर कुछ देख रही थी।

परिजनों के अनुसार नीलिमा पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी। उसे मोबाइल पर आत्मघाती और फांसी से जुड़े वीडियो देखने की गंभीर लत लग गई थी। परिवार द्वारा कई बार समझाने के बावजूद उसकी आदत नहीं छूटी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना से एक दिन पहले वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के दस्तावेज बनवाने मां के साथ अस्पताल गई थी, जहां से अचानक लापता हो गई। देर रात पुलिस पेट्रोलिंग टीम को वह मिली थी और घर लौटने की बात कहकर चली गई थी।

बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे युवती ने स्वयं डायल 112 पर कॉल कर कहा कि थाने में कोई नहीं है। पुलिस टीम के पहुंचने पर उसने बताया कि वह सिर्फ यह देखना चाहती थी कि पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है। सुबह लगभग 5 बजे स्थानीय लोगों ने उसे थाना परिसर के टावर पर चढ़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिसकर्मियों ने फोन पर समझाकर उसे नीचे उतरने के लिए राजी भी कर लिया था, लेकिन इसी दौरान वह मोबाइल पर कोई वीडियो देखती रही और अचानक फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

जशपुर के एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती ने पहले मोबाइल पर फांसी लगाने का वीडियो देखा, फिर 112 को कॉल किया और पुलिस टीम के समझाने के बावजूद उसने आत्महत्या कर ली।
फिलहाल पुलिस ने शव को टावर से नीचे उतार लिया है और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच जारी है।