मैहर में संदूक में महिला के शव के मामले का खुलासा, सगे भांजे ने रेप के बाद की थी हत्या

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले की पुलिस ने एक महिला के उसी के घर में एक संदूक में शव बरामद होने के मामले का खुलासा करते हुए उसके भांजे को गिरफ्तार किया है।

आरोपी युवक किशन चौधरी (22) ने पहले अपनी सगी मौसी के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसका गला घोंट कर हत्या कर दी। उसके बाद उसके शव को संदूक में बंद कर दिया।

मैहर पुलिस सूत्रों के अनुसार 31 अगस्त को महाराजपुर मे एक महिला का शव उसके घर में एक संदूक में मिला था। महिला जब घर मे अकेली थी तभी उसका भांजा किशन चौधरी घर में चोरी की नीयत से घुस आया।

महिला के विरोध करने पर आरोपी ने अपनी मौसी का पहले गला दबाया, जिससे महिला बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में ही आरोपी ने मौसी के साथ दुष्कर्म किया और उसका शव एक संदूक मे बंद करके भाग गया। कल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।