पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का आरोप लगा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी और उसके परिजनों ने अब दहेज में पांच लाख रुपए की मांग करते हुए शादी से इनकार कर दिया है।
पुलिस को प्रेषित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम डांग निवासी मोहम्मद उबेद ने लगभग एक वर्ष पहले उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का भरोसा दिया था। इसी भरोसे में रखकर वह कई बार उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार जब वह गर्भवती हो गई तो उसने उबेद को इसकी जानकारी दी, जिस पर उसने शादी करने से इनकार कर दिया और उस पर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धोखे से दवा खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। विरोध करने पर उसने मारपीट भी की और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उसने आरोपी के परिजनों मोहम्मद जुनेद, जुबेर, राजदा, शहनाज, हिना और अमीर अहमद से संपर्क कर शादी की बात की, लेकिन परिजनों ने दहेज में पांच लाख रुपए देने पर ही शादी कराने की बात कही।
जहानाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी मोहम्मद उबेद सहित उसके परिवार के सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



