अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में अंतरजातीय प्रेम विवाह के करीब तीन वर्ष बाद एक युवक की युवती के परिजनों ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने मंगलवार को बताया कि गौरीगंज थाना क्षेत्र के बानसिंह वार्ड नंबर-17 निवासी कंचन कश्यप ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोमवार शाम करीब छह बजे उनके पुत्र अंकित कश्यप को गांव के ही सुकई यादव और रामसुंदर यादव जबरन अपने घर ले गए, जहां सरिता यादव और रंजना यादव ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि चारों ने धारदार हथियार से अंकित का गला काट दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीड़िता की तहरीर पर गौरीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 127(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी सुकई यादव को मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। इसके अलावा रामसुंदर यादव, सरिता यादव और रंजना यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में हौसिला यादव की पुत्री श्वेता के घर से लापता होने के बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था। जांच में अंकित कश्यप और श्वेता के बीच प्रेम संबंध का पता चला। बालिग होने के बाद दोनों ने अंतरजातीय प्रेम विवाह कर लिया और दिल्ली में रहने लगे, जहां उनके दो बच्चे भी हुए।
बताया गया कि अंकित 31 जुलाई को अपने पैतृक घर अमेठी आया था, जबकि उसकी पत्नी श्वेता दिल्ली में ही थी। आरोप है कि सोमवार शाम बाजार से घर लौटते समय युवती के परिजनों ने पहले से घात लगाकर उसे पकड़ लिया और अपने घर ले जाकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।



