प्रयागराज में रील बना रहे 4 युवक नदी में डूबे, 3 की मौत

0

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में शनिवार को टोंस नदी में स्नान के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मेजारोड पुलिस चौकी क्षेत्र के बलुआ गांव स्थित टोंस नदी में चार युवक स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों के शोर मचाने पर घाट पर अफरा-तफरी फैल गई।

आसपास मौजूद मछुआरों और ग्रामीणों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद पीयूष नामक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन अन्य युवकों की डूबने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान नैनी एडीए निवासी सनी (12), आयुष (8) और आदित्य (25) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मोबाइल से रील बना रहे थे और इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से हादसा हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मेजा दीनदयाल सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।