श्रीगंगानगर में श्रीकरनपुर सीमा क्षेत्र में खेत में डेढ़ किलो हेरोइन बरामद

5

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के पाकिस्तान सीमा से लगता श्रीकरनपुर क्षेत्र अब भारत और पाकिस्तान के बड़े मादक पदार्थों के तस्करों के निशाने पर आ गया है, इस क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन पाकिस्तान के तस्करों द्वारा ड्रोन से गिराई गई हेरोइन बरामद हुई है।

खुफिया सूत्रों ने सोमवार को बताया कि श्रीकरनपुर सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की मुकन चौकी के नजदीक चक 2-एफ के एक खेत में सुबह डेढ़ किलो हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक यह डेढ़ किलोग्राम हेरोइन पाकिस्तानी तस्करों द्वारा भेजी गई किसी बड़ी खेप का एक हिस्सा मात्र है। बताया जा रहा है कि बाकी हिस्सा कुछ तस्कर उठा ले जाने में कामयाब हो गए। पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में श्रीकरणपुर थाने में अलग से मामला दर्ज किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि इससे पहले शनिवार की रात को श्रीकरनपुर थाना क्षेत्र में ही सीमावर्ती चक 19-ओ में किन्नू के एक बाग से चार व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार करके उनसे 12 किलो 167 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई थी। इसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य करीब 60 करोड रुपए आंका आ गया है।

पुलिस ने बताया कि मौके पर पकड़े गए तस्करों में अमनदीपसिंह राय सिख (26) पंजाब के फिरोजपुर जिले का निवासी है जबकि विकास मेघवाल (19), बलजीतसिंह मजहबी सिख (27) और पवन नायक (27) श्रीगंगानगर जिले के हैं।

इस मामले में वांछित पंजाब का शातिर तस्कर गुरमेलसिंह भागने में कामयाब हो गया। वही इस खेप को पाकिस्तानी तस्करों से इस क्षेत्र में ड्रोन से मंगवाने का मुख्य कर्ताधर्ता है। उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार की रात को पाकिस्तानी ड्रोन ने इस क्षेत्र में चार पैकेट गिराए थे। प्रत्येक पैकेट में आधा-आधा किलोग्राम हेरोइन के छह छोटे पैकेट थे। इस प्रकार कुल 24 पैकेट में 12 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद हुई, जबकि आज आधा-आधा किलोग्राम के तीन पैकेट मिले हैं। इस हेरोइन का भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब साढ़े सात करोड रुपए मूल्य आंका गया है।