अलवर में पतंग लूटने दौड़ा 10 साल का बालक बोरवेल में गिरा

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में बुटोली गांव में सोमवार को पतंग लूटने के लिए दौड़ रहा एक बालक अचानक खुले बोरवेल में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक करीब 55 फुट की गहराई में फंसा हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चा सकुशल है और अंदर से उसकी आवाज भी सुनाई दे रही है। सूचना के बाद दो जेसीबी मौके पर पहुंच गई और अगल बोरवेल के बगल से खुदाई शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भानु (10) गांव में पतंग लूटने के लिए खेत की ओर दौड़ रहा था। खेत में काफी समय से बंद पड़ा एक पुराना बोरवेल था। बताया जा रहा है कि बोरवेल के ऊपर पत्थर रखा हुआ था, लेकिन वह आधा खिसका हुआ था। खेत पर लंबे समय से लोगों की आवाजाही नहीं होने के कारण किसी को अंदाजा भी नहीं था कि वहां बोरवेल मौजूद है। इसी दौरान बच्चा अचानक बोरवेल में गिर गया और करीब 55 फुट नीचे जाकर फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। विधायक ने अधिकारियों से बचाव अभियान की जानकारी ली और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। बच्चे को बाहर निकालने के लिए मशीनें और उपकरण मौके पर मंगवाये जा रहे हैं।

बच्चे के बोरवेल में गिरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। प्रशासन की प्राथमिकता बच्चे को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकालना है। मौके पर मौजूद अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और बचाव दल द्वारा बच्चे को बाहर निकालने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।