दौसा। राजस्थान के दौसा जिले के सैंथल थाना क्षेत्र में पिकअप के ट्रेलर से टकराने पर बुधवार तड़के सात बच्चों सहित 11 लोगों की मौत गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
दौसा कलक्टर देवेन्द्र कुमार के अनुसार क्षेत्र में दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर बुधवार तड़के एक पिकअप गाड़ी सड़क के किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि हादसे में दस लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई और कई घायल हो गए। उन्होंने बताया कि नौ घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है और तीन घायलों को दौसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तरप्रदेश में फिरोजाबाद के रहने वाले ये लोग राजस्थान से अपने घर लौट रहे थे।
उधर, इस हादसे में गंभीर रुप से घायल एक महिला ने एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। सैंथल थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 25 लोग हादसे की चपेट में आये थे उनमें 11 लोगों की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि ये लोग राजस्थान में सालासर बालाजी एवं खाटूश्याम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया।
हादसे पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं वसुंधरा राजे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है।
बागडे ने शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।
शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि इसमें जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।
बिरला ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि दौसा में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु और घायल होना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में बच्चों और महिलाओं की मृत्यु का समाचार जानकार मन व्यथित है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान की प्रार्थना की।
इसी तरह गहलोत, राजे, डोटासरा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायल को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की।
किरोड़ी ने हादसे में घायल लोगों की पूछी कुशलक्षेम
कृषि मंत्री डा किरोड़ी लाल मीणा ने दौसा -मनोहरपुर रोड पर वापी के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत एवं घायल हो जाने पर गहरा दुख प्रकट किया है और उन्होंने दौसा अस्पताल में घायलों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी है।
बुधवार तड़के हुए इस हादसे की सूचना मिलने पर डा मीणा अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों का कुशलक्षेम जाना तथा पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान डा मीणा ने खुद ने भी घायल मरीजों की स्वास्थ्य जांच की और चिकित्सकों को उचित निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हम सभी शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घायलों का समुचित, त्वरित और नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाए। डा मीणा ने प्रशासन को हरसंभव सहायता के लिए सजग रहने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई लोगों की दुःखद मृत्यु एवं अनेक घायलों के समाचार से मन अत्यंत व्यथित है। यह एक असहनीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।