पीलीभीत में 17 वर्षीय किशोर ने किया 11 वर्षीय बच्चे से कुकर्म

0

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय बच्चे से कुकर्म का आरोप गांव के ही एक 17 वर्षीय किशोर पर लगा है। पुलिस ने शनिवार देर शाम पीड़ित बच्चे की मां की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि घटना 10 मार्च अपरान्ह लगभग चार बजे की है। शिकायत के अनुसार आरोपी किशोर पीड़ित बच्चे के पास पहुंचा और उसे बेर बीनने का लालच देकर गांव के बाहर गन्ने के खेत में ले गया।

आरोप है कि गन्ने के खेत में ले जाकर किशोर ने मासूम के साथ कुकर्म किया। जब बच्चे ने दर्द के कारण शोर मचाया, तो आरोपी ने उसे गाली-गलौज मारपीट की और चुप रहने की धमकी दी। आरोपी ने बच्चे को धमकी दी यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया, तो वह उसे जान से मार देगा।

किसी तरह चंगुल से छूटकर बच्चा लहूलुहान हालत में घर पहुंचा और रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई। बच्चे की हालत देखकर परिजन तुरंत उसे लेकर गजरौला थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी।

गजरौला थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने मीडिया को बताया पीड़ित बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। शीघ्र ही न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। गजरौला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी किशोर के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।