कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान 118 पुलिसकर्मी घायल

0

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों सहित 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

दिल्ली पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार सोमवार को झड़पों के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, पुलिसकर्मियों पर हमला किया, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाया और 15 से 20 सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की।

पुलिस ने बताया कि घटना में करीब 60 प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं, जबकि कुछ घायल पुलिसकर्मियों की चिकित्सा जांच अभी जारी है। बयान में कहा गया कि घायलों में विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त और सहायक उपायुक्त के अधिकारियों के साथ-साथ कई महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि लगभग 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और दंगा करने, लोक सेवकों पर हमला करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी धाराओं सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अन्य कानूनों के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड्स तोड़ने और संसद की ओर बढ़ने की कोशिश करने के बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

बार-बार हो रहे प्रश्नपत्र लीक के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का धरना जारी है। इस प्रदर्शन के कारण रविवार रात से ही मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और यातायात पर पाबंदियां लागू हैं, जो मंगलवार को भी जारी रहीं।