अलवर। राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को कार की चपेट में आने से ई रिक्शा पर सवार एक 12 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालिका छवि गावा अपनी बहन चेष्टा के साथ बाल भारती स्कूल में पढ़ती थी। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों बहनें ई-रिक्शा में बैठकर अपने घर स्कीम नंबर 10 लौट रही थीं। इसी दौरान जैन मंदिर के पास सड़क पर ई-रिक्शा जैसे ही कट लेकर आगे बढ़ा, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें बैठी मासूम छवि उसके नीचे दब गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। गंभीर हालत में बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल अलवर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।



