बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने बालिका के हाथ-पैर बांधकर उससे दो बार दुष्कर्म किया। घटना के समय बालिका की मां मजदूरी पर गयी हुई थी। बालिका घर में खेल रही थी, तभी गांव का ही एक युवक घर में घुस आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जून को बालिका की मां ने पुलिस को शिकायत की कि वह सुबह जब मजदूरी के लिए निकली तो उसके कुछ ही देर बाद आरोपी युवक घर में घुस गया। वह खेल रही बालिका को जबरन उठाकर कमरे में ले गया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। फिर दो बार दुष्कर्म किया। जाते समय आरोपी ने बालिका को जान से मारने की धमकी दी।
घटना सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्तर की एक महिला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया, मौके का निरीक्षण किया और जांच से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी की तलाश तेज कर दी है।



