हल्द्वानी में घर से नाराज़ होकर निकली 13 साल की नाबालिग से रेप, दो युवक अरेस्ट

0

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में 13 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 29 जुलाई की रात को हल्द्वानी के बदरीपुर क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की घर से नाराज़ होकर निकल गई थी।
अगले दिन उसे दो लड़के उसे बहला फुसलाकर अपने साथ गौलापार सितारगंज क्षेत्र ले गए और उसका शारीरिक शोषण किया।

उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से दो दिन में नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपी युवकों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई की रात्रि को नाबालिग कलह के चलते आहत होकर घर से अकेले चली गई है। लड़की के पास न फोन था न पैसे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीमें गठित कीं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कत्याल की अगुवाई में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस की विशेष टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले। जांच में पता चला कि पहली रात लड़की शहर में आसपास ही रही।

अगले दिन आरोपी विक्रम सिंह निवासी कुसुम खेड़ा और सौरभ बिष्ट निवासी त्रिलोकपुर लड़की को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए और उसका शारीरिक शोषण किया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ पोक्सो और दुष्कर्म की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों के साथ ही पीड़िता का मेडिकल और फोरेंसिक परीक्षण भी कराया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।