जयपुर : वंशिका प्रकरण में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

6

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रताप नगर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय वंशिका गर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद रविवार को आरयूएचएस अस्पताल के बाहर परिजनों, समाजजनों एवं संयुक्त अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

मृतक छात्रा की मां के अनुसार कुछ दिन पहले ही उन्हें पता चला था कि वंशिका की इंस्टाग्राम पर एक लड़के से बात होती है। जब मां ने वंशिका को मना किया और उस लड़के से बात की, तो लड़के ने उल्टा परिवार को ही धमकी दे डाली। उसने कहा था कि वह बहुत पावरफुल है। मां का आरोप है कि उसी लड़के ने उनकी बेटी का अपहरण किया और उसकी हत्या कर दी। आरोपी लड़का बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा का दोहिता (नाती) है।

वंशिका के पिता सुभाष गर्ग ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और ठीक से जांच नहीं कर रही। पिता का आरोप है कि पुलिस को सुबह ही शव मिल गया था, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। जब वह खुद मौके पर पहुंचे और गार्ड से पूछताछ की, तब जाकर उन्हें पूरी बात पता चली।

संयुक्त अभिभावक संघ ने वंशिका गर्ग प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराने, सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई किए जाने की राज्य सरकार से मांग की है।

अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि यदि मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा उसके सहयोगियों की संलिप्तता की आशंका है, तो जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र विशेष जांच दल (एसआईटी) से करवाई जानी चाहिए। इससे पीड़ित परिवार और समाज का विश्वास कायम रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि वंशिका गत पांच जून को अपनी माता की दुकान से साइकिल चलाने का कह कर निकली और लापता हो गई थी। बाद शनिवार को उसका शव प्रताप नगर स्थित एआईएस रेजिडेंसी के बी-ब्लॉक क्षेत्र में मिला।