कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को कोटा ग्रामीण पुलिस ने सिमलिया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 150 किलोग्राम डोडा-चूरा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे बारां-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सिमलिया टोल प्लाजा के पास पुलिस टीम ने नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान बारां की ओर से तेज रफ्तार में आती एक संदिग्ध कार नजर आई।
जैसे ही चालक ने पुलिस को देखा, उसने वाहन की गति और बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और कार को रोकने के लिए टायर पर गोली चलाई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर रुक गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार को चारों ओर से घेर लिया। कार में सवार दो युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से 150 किलो डोडा-चूरा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह नशीला पदार्थ बारां के रास्ते पंजाब ले जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।



