दुमका में नाबालिग आदिवासी छात्रा से गैंगरेप, दो आरोपी अरेस्ट

दुमका। झारखंड में दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 16 जून की शाम मयूराक्षी नदी के किनारे विजयपुर गांव के समीप अवस्थित एक बगीचे में दो सहेली अपने चार बॉयफ्रेंड के साथ पार्टी मनाने गई थी। इसी क्रम में 16 साल की एक नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ उसके ही दो दोस्तों ने अलग अलग जगह ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग छात्रा दुमका शहर में पढ़ाई करती है। बीते 16 जून को वह श्रीअमड़ा में रहने वाली अपनी एक सहेली से मिलने आई थी। उसके घर में पहले से ही एक और सहेली मौजूद थी। देर शाम उसने मयूराक्षी नदी के किनारे विजयपुर पुल के समीप एक बगीचा में छोटी पार्टी का आयोजन किया।

इस पार्टी में नाबालिग छात्रा की सहेली ने देवघर जिले के पालोजोरी के रहने वाले अशोक बास्की और चितरा के जैश मरांडी नाम के दो बायफ्रेंड को भी बुला लिया। बाद में पीड़िता की सहेली का गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट के रहने वाले संदीप हेंब्रम और मैथ्यूज हेंब्रम नाम के और दो दोस्त भी पार्टी में शामिल हो गए। उसी रात करीब 12 बजे खाने पीने का कुछ और सामान लेने के लिए पीड़िता पार्टी में शामिल अशोक की बाइक से शहर आ रही थी। इसी क्रम में अशोक ने सड़क के किनारे झाड़ी में ले जाकर नाबालिग छात्रा के साथ गलत कार्य किया। बाद में दोनों वापस पार्टी में लौट आए।

करीब आधा घंटा के बाद वहां मौजूद संदीप हेम्ब्रम नाम के एक अन्य युवक नदी से कुछ दूर नाबालिग को ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अपनी सहेलियों को आप बीती बताई। उसकी सहेली उसे अपने घर ले गई और घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी। दूसरे दिन मंगलवार को पीड़िता ने मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई।

प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी और छापामारी कर नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोपी अशोक बास्की और संदीप हेंब्रम को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

मुफस्सिल थाना प्रभारी कुमार सत्यम के मुताबिक नाबालिग छात्रा के साथ उसके ही दो दाेस्तों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिए जाने को लेकर मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई गई। नाबालिग छात्रा अपनी सहेलियों के साथ विजयपुर गांव के समीप बगीचा में पार्टी मनाने के लिए गई थी। जिसमें उसकी सहेलियों के दो बायफ्रेंड भी शामिल हो गए थे। इन सभी के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।