रेनकोट पहनकर पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक, गार्ड से मारपीट कर मैनेजर से गन प्वाइंट पर खुलवाया चेस्ट
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार सुबह केनरा बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित बैंक में करीब पांच से छह अपराधी पहुंचे और हथियारों के बल पर बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाश बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपए से अधिक नकद और लॉकर में रखे स्वर्णाभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना उस समय हुई जब बैंक खुल चुका था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। बारिश के कारण अपराधियों ने रेनकोट पहन रखे थे। इससे उनके चेहरे काफी हद तक ढके रहे और शुरुआती तौर पर उनकी पहचान करना मुश्किल हुआ। बैंक में प्रवेश करते ही बदमाशों ने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और सभी को नियंत्रित कर लिया।
विरोध करने पर गार्ड से मारपीट, मैनेजर को बनाया निशाना
बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। रिपोर्टों के अनुसार बदमाशों ने बंदूक की बट से गार्ड के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद अपराधी सीधे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे।
हथियार के बल पर मैनेजर को धमकाकर उनसे बैंक का चेस्ट खुलवाया गया। बदमाशों ने चेस्ट से 42 लाख रुपए से अधिक की नकदी निकाल ली। इसके अलावा बैंक के लॉकर में रखे कीमती स्वर्णाभूषण भी लूट लिए गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अपराधियों के भागने के तरीके को लेकर पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस लूट की रकम, स्वर्णाभूषणों की वास्तविक कीमत और वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान जुटाने में लगी है।



