अजमेर। महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत अजमेर में सामाजिक सेवा और जनकल्याण की मिसाल देखने को मिली। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति-2026 के तत्वावधान में श्री अग्रसेन युवा समिति की ओर से शनिवार को अग्रवाल पाठशाला भवन के सभागार में 22वां विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सर्वसमाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 160 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर में 117 पुरुषों और 43 महिलाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए योगदान दिया। आयोजन में युवाओं के साथ महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा का संदेश देते हुए लोगों ने दूसरों की जिंदगी बचाने के इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाई।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शिविर का शुभारंभ
रक्तदान शिविर के संयोजक संदीप बंसल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी अशोक गोयल और निखिल गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। इसके बाद रक्तदान का सिलसिला शुरू हुआ। शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भाग लेकर रक्तदान के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
आयोजन में पारिवारिक सहभागिता भी खास रही। आठ पति-पत्नी की जोड़ियों और सात पिता-पुत्र की जोड़ियों ने साथ रक्तदान किया। एक परिवार में माता-पिता और पुत्र ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इसके अलावा कई भाई-बहनों ने भी एक साथ रक्तदान में हिस्सा लिया।
43 महिलाओं ने किया रक्तदान, 10 जांच में नहीं पाई गईं पात्र
शिविर में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 43 महिलाओं ने रक्तदान किया। वहीं, जांच के दौरान 10 महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर कम पाया गया, जिसके कारण वे रक्तदान नहीं कर सकीं। यह निर्णय रक्तदाताओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी निर्धारित मानकों को ध्यान में रखकर लिया गया।
चार ब्लड बैंकों की चिकित्सा टीमों ने संभाली व्यवस्था
शिविर में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल, मित्तल हॉस्पिटल, त्रिवेणी ब्लड बैंक और राजस्थान ब्लड बैंक की चिकित्सा टीमों को आमंत्रित किया गया था। टीमों ने रक्तदान की प्रक्रिया और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाओं में सहयोग किया। रक्तदान करने वाले युवक-युवतियों को श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं और अन्य आगंतुकों के लिए समिति की ओर से अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
अब तक करीब 2100 यूनिट रक्त जुटा चुकी है समिति
आयोजकों के अनुसार, श्री अग्रसेन युवा समिति की ओर से आयोजित यह 22वां रक्तदान शिविर था। समिति अब तक अपने विभिन्न शिविरों के माध्यम से लगभग 2100 यूनिट रक्त एकत्र कर चुकी है। इनमें से 2000 यूनिट से अधिक रक्त जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जा चुका है। समिति का कहना है कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से गंभीर रूप से बीमार मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यकता के समय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। रक्त की जरूरत किसी भी समय पड़ सकती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समाज के गणमान्य लोग रहे मौजूद
शिविर में अग्रवाल पाठशाला सभा के अध्यक्ष सीताराम गोयल, सचिव गोपाल गोयल, अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के मुख्य संयोजक अशोक पंसारी और लोकेश अग्रवाल, शिविर संयोजक संदीप बंसल, सुनील गोयल, अनिल ढाणी, उमेश गर्ग, शैलेंद्र अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, प्रदीप बंसल, राजेंद्र मित्तल, राजेश गर्ग, विष्णु मंगल, राकेश हटूका, ओमप्रकाश गोटेवाले, अनुपम गोयल, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज गर्ग, संदीप गोयल, नितेश बिंदल, अमित गोयल, रोहित बंसल और अक्षित बंसल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



