नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर के कलमना पुलिस थाना क्षेत्र में एक कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद 17 वर्षीय एक लड़के की कथित तौर पर हत्या कर दी गई।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे कलमना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाजपेयी नगर में हुई। मृतक की पहचान जोहरान मुस्तफा शेख के रूप में हुई है, जो एक कॉलेज छात्र था। वह वाजपेयी नगर स्थित अशरफी मस्जिद इलाके में एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने गया था।
शुरुआती जानकारी के अनुसार समारोह में डीजे संगीत पर नाचते समय जोहरान गलती से एक अन्य युवक से टकरा गया। इस मामूली कहासुनी से गुस्साये अनुराग यादव नाम के एक युवक ने कथित तौर पर अपने दो साथियों को बुलाया और जोहरान को एक तरफ ले गया।
इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। पुलिस को संदेह है कि यह हमला किसी प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। जोहरान को गंभीर चोटें आयीं और उसके रिश्तेदार उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में अपराध को छिपाने की कोशिश की गई थी, लेकिन जांच के दौरान इसका खुलासा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।



