
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में विधानसभा चुनाव के छठे चरण में होने वाले मतदान के लिए गोरखपुर शहर सीट के उम्मीदवार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसमर्थन जुटाने के लिए रोड-शो पर निकले तो उनके इस्तकबाल के लिए जनसैलाब उमड पडा।
गोरखपुर के विभिन्न चौराहों पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे और खुले रथ में निकले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को हांथ हिलाकर स्वागत किया। भीड इतनी थी कि एक-एक इंच पर काफिला खिसक रहा था और फिर साढे तीन घंटे के बाद शांतिपूर्ण तरीके से अपने गन्तव्य स्थानीय विजय चौराहे पर पहुंचा।
रोड शो का समापन विजय चौराहे पर हुआ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उमड़ा जन सैलाब इस बात को प्रमाणित करता हैं कि जो लोग आतंकवादियों, माफियाओं के समर्थक है उन लोगों का जनता ने सूपड़ा साफ करने का मन बना लिया हैं।
योगी ने कहा कि मै दावे के साथ कहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से काफी आगे है और यही कारण है कि कई विपक्षी नेताओं ने विदेश भागने की अपनी टिकट करानी शुरू कर दी हैं। 10 मार्च को आने वाले उत्तर प्रदेश विधान सभा के परिणाम के बाद आतंकवाद समर्थक, भ्रष्टाचारी और आराजक तत्वों को समर्थन देने वाले लोग उत्तर प्रदेश में कही नजर नही आएंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को दंगा मुक्त किया है। उन्होंने कहा कि अपने शासन काल में एक हांथ में विकास और देसरे हांथ में बुलडोजर रखा। प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लिखा गया है और आगामी 10 मार्च के बाद भाजपा फिर सत्ता में आ रही है जिसके बाद माफिया नजर नहीं आएंगे।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा पहले पांच चरणों में बहुमत हासिल कर लिया है और अब 300 सीटों का लक्ष्य प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि भगवा भारत की पहचान है लेकिन अब भगवा को भी निशाना बनाया जा रहा हैं। भगवा राष्ट्रवाद की पहचान है, उगते सूर्य का रंग भी भगवा है और भगवा पहनने से उन्हें गर्व की अनुभूति होती हैं।