Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 175 -
होम ब्लॉग पेज 175

भीलवाड़ा : स्कॉर्पियो को जब्त कर 148 किलो डोडा चूरा बरामद

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले की बड़लियास थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर 148 किलो 200 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है।

थाना प्रभारी शिवचरण बीती रात थाने से गश्त के लिए निकले। आधी रात को पुलिस टीम चांदगढ़ स्थित नदी के ढावे पर पहुंची, तभी चांदगढ़-बड़लियास की ओर से आई एक स्कॉर्पियो पुलिस को सामने देखकर पुन: चांदगढ़ की ओर घूम गई। शंका के आधार पर पुलिस ने पीछा किया। करीब सात किलोमीटर तक दौडऩे के बाद तस्करों की स्कॉर्पियो जीवाखेड़ा और बड़लियास के बीच पेड़ की टहनियों से टकराने के बाद रुक गई।

पुलिस से बचने के लिए तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पीछा करते हुये पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आस-पास तस्करों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पाया। पुलिस ने नियमानुसार स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें आठ कट्टों में अफीम डोडा-चूरा मिला, जिसका वजन करवाने पर 148 किलो 200 ग्राम पाया गया। स्कॉर्पियो अजमेर परिवहन विभाग से पंजीकृत बताई गई है।

पुलिस ने डोडा-चूरा सहित स्कॉर्पियो जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। इस मामले की अग्रिम जांच कोटड़ी थाना अधिकारी खींवराज कर रहे हैं।

नौजवानों के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे और लड़ाई जारी रहेगी : सचिन पायलट

दौसा। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने अपने पिता को अपना आदर्श बताते हुए कहा है कि वह अपने स्वाभिमान और आदर्शों से कभी समझौता नहीं करेंगे और भ्रष्टाचार एवं नौजवानों के मुद्दे पर कभी पीछे नहीं हटेंगे और उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

पायलट ने दौसा शहर में गुर्जर छात्रावास में उनके पिता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजेश पायलट की मूर्ति के अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजीनीति में सोच, लक्ष्य एवं विचाराधारा अलग अलग हो सकती है लेकिन राजनीति का जो सामूहिक उद्देश्य है वह स्पष्ट होना चाहिए और मेरी राजनीतिक सोच स्पष्ट है और मैंने अपने पिता का ही अनुशरण करते हुए हमेशा नौजवानों के हितों की बात की है, देश और समाज से भ्रष्टाचार मिटाने एवं युवाओं के लिए रोजगार की बात की है।

उन्होंने कहा कि आज मौका राजनीतिक बात करने का नहीं है, इसलिए वह इस मंच से कोई राजनीतिक बात नहीं करेंगे लेकिन राज्य की जनता को न्याय जरूर मिलेगा। इसी के साथ उन्होंने साफ कर दिया कि वह भ्रष्टाचार और नौजवानों के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे और उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी ने ठीक ही कहा है कि हर गलती सजा मांगती है। हमारे आपस में कैसे भी संबंध हों, सबसे बड़ा न्याय नीली छतरी वाला देता है। आज नहीं तो कल न्याय जरूर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हम गरीबों की मदद करें तो केंद्र सरकार कहती है कि आर्थिक दिवालिया हो जाएंगे और मैं उन नौजवानों की मदद करूं, जिनके साथ धोखा हुआ है तो कहते हैं कि मानसिक दिवालिया हो जाएगा। सच्चे मन से गरीब, नौजवानों की मदद करने के लिए बड़ा दिल होना चाहिए। खजाना हमारे पास है कि उनकी हम मदद करें।

उन्होंने कहा कि 23 साल पहले आज ही के दिन उनके पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, वह दृष्य उन्हें आज भी याद है। पायलट ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से राजनीति सीखी है। उनके पिता पहले फौज में थे, वहां काफी तपने के बाद राजनीति में आए। यहां उन्होंने राजनीति में अपनी लाइन तय की और उन्होंने अन्याय के खिलाफ कभी समझौता नहीं किया। उनके लिए जनहित के मामले सर्वोपरि होते थे। सचिन पायलट ने कहा कि वह अपने पिता को अपना आदर्श मानते हैं और उनकी ही तरह वह भी अपने स्वाभिमान और आदर्शों से कभी समझौता नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैंने हमारी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विरोध उस दौरान साल के 365 दिन किया लेकिन कभी मेरे मुंह से कोई छोटी बात नहीं निकली। वे मेरे से उम्र में बड़ी हैं लेकिन आज भी मैं कहता हूं आपने खान आवंटित कर दी, चोरी पकड़ी तो रद्द कर दी लेकिन आवंटन तो किया था।

इस मौके बड़ी संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इससे पहले पायलट ने भडाना में राजेश पायलट स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी हुआ जिसमें चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, वन मंत्री हेमाराम चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश एवं कृषि विपणन राज्य मंत्री मुरारी लाल मीणा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत, विधायक ओमप्रकाश हुड़ला, मुकेश भाकर, रामनिवास गावड़िया एवं अन्य विधायकों सहित कई लोग शामिल हुए।

अजमेर में राजेश पायलट की पुण्यतिथि को प्रेरणा दिवस के रूप मनाया

जूलियन असांजे के अमरीका प्रत्यर्पण को लेकर सिल्वा चिंतित

ब्यूनस आयर्स। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने रविवार को विकीलीक्स के संस्थापक पत्रकार जूलियन असांजे के अमरीका प्रत्यर्पण को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से पत्रकार की सुरक्षा करने का आग्रह किया।

लूना ने ट्वीट किया कि मैं पत्रकार जूलियन असांजे के आसन्न प्रत्यर्पण को चिंता के साथ देखता हूं। असांजे ने एक राज्य के खिलाफ अवैध कार्यों की निंदा करने के लिए एक महत्वपूर्ण काम किया। उनका विरोध लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ है। यह महत्वपूर्ण है कि हम सभी उनके बचाव में लामबंद हो गए। उन्होंने मई में, ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक के बाद विकीलीक्स के संस्थापक की जल्द रिहाई की मांग की।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2019 से, ऑस्ट्रेलियाई नागरिक असांजे को लंदन में उच्च सुरक्षा वाली बेलमार्श जेल में रखा गया है, जबकि अमरीका में उस पर जासूसी अधिनियम के तहत मुकदमा चलाया जा रहा है। दोषी पाए जाने पर असांजे को 175 साल की जेल हो सकती है।

असांजे 13 जून को एक बार फिर से लंदन के उच्च न्यायालय में अमरीका में अपने प्रत्यर्पण को चुनौती देने के लिए अपील करेंगे, जो कि ब्रिटिश अदालतों में अंतिम प्रयास होगा, क्योंकि आगे की सुनवाई केवल यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय (ईसीएचआर) में ही संभव होगी।

गैर-सरकारी संगठन रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के अनुसार असांजे पहले ही दिसंबर 2022 में ईसीएचआर में अपील कर चुके हैं। अंसाजे ने विकीलीक्स की स्थापना 4 अक्टूबर, 2006 को की थी। वर्ष 2010 में इसकी प्रमुखता तब बढ़ी जब इसने अमरीका सहित गुप्त सरकारी सूचनाओं को बड़े पैमाने पर लीक करके उसे प्रकाशित करना शुरू किया।

भारत ने पहली बार जीता जूनियर महिला एशिया कप 2023

काकामिगहारा (जापान)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने रविवार को जूनियर महिला एशिया कप 2023 के फाइनल में कोरिया पर 2-1 की ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार यह खिताब जीत लिया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत में अन्नू (22वां मिनट) और नीलम (41वां मिनट) ने एक-एक गोल का योगदान दिया। कोरिया का एकमात्र गोल सियोओन पार्क (25वां मिनट) ने किया।

साल 2012 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय लड़कियों ने पहले ही मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया, लेकिन उन्हें खाता खोलने के लिए लंबा इंतज़ार करना पड़ा। पहले क्वार्टर में कोरियाई टीम ने भी दो पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किए, लेकिन वह भी गेंद को नेट में पहुंचाने में असफल रही।

कोरिया ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में दो पेनल्टी कॉर्नरों के साथ की। पहली बार नीलम ने शानदार तरीके से गेंद को रोका, जबकि दूसरे प्रयास में माधुरी ने कोरिया का खाता नहीं खुलने दिया। कोरिया को यह चूक भारी पड़ी और 21वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दागकर अन्नू ने भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी।

भारतीय रक्षण पर लगातार दबाव बनाने का फल हालांकि कोरिया को जल्द ही मिला। मैच के 25वें मिनट में पार्क ने गोल दागकर कोरिया के लिए स्कोर बराबर कर दिया। कोरिया हाफ टाइम से पहले बढ़त भी बना सकता था लेकिन गोलकीपर माधुरी ने 30वें मिनट में गेंद को नेट तक नहीं पहुंचने दिया।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में कोरिया की युजीन ली और नुरिम चोई को ग्रीन कार्ड देखकर दो-दो मिनट के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा। कोरियाई पक्ष में कम खिलाड़ी होने के कारण भारत को लय हासिल करने में मदद मिली। नुरिम के मैदान से बाहर जाने के एक मिनट बाद ही नीलम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को बढ़त दिला दी।

मैच के 43वें मिनट में वैष्णवी विट्ठल फाल्के को येलो कार्ड दिखाकर फील्ड से बाहर भेजा गया। कोरिया तीसरे क्वार्टर की समाप्ति से पहले दो पेनल्टी कॉर्नर अर्जित करने के बावजूद भारतीय खेमे में एक खिलाड़ी कम होने का फायदा नहीं उठा सकी।

यह चूक कोरिया के लिए भारी साबित हुई। बढ़त मिलने के बाद भारतीय लड़कियों ने अंतिम क्वार्टर में गेंद को ज्यादा से ज्यादा अपने पास रखने पर ध्यान दिया। मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले अन्नू को भले ही ग्रीन कार्ड दिखाया गया, लेकिन कोरियाई टीम गोल के कोई मौके नहीं बना सकी।

भारत ने 59वें मिनट में गोल का प्रयास किया जिसे कोरियाई गोलकीपर ने रोक लिया। अंततः, मैच के आखिरी मिनट में गोल करने के असफल प्रयास के साथ कोरिया 1-2 से फाइनल हार गया।

अमेठी के साथ साथ रायबरेली में भी पसीना बहा रही है स्मृति ईरानी

अमेठी। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को आकार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का प्रवास दिल्ली के बजाय अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में बढ़ गया है।

ईरानी ने एक पखवारे के दौरान चिलचिलाती धूप और उमस के बीच अमेठी की गलियों में घूम घूम कर आम लोगों से न सिर्फ मेल मुलाकात की बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करने की भी कोशिश की। पार्टी सूत्रों के अनुसार स्थानीय सांसद पिछले सात दिनों में लगभग चालीस गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होने 319 बूथों के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया।

अमेठी के अलावा भाजपा की वरिष्ठ नेता की सक्रियता पड़ोसी जिले रायबरेली में बढी है। रायबरेली उत्तर प्रदेश की इकलौती संसदीय सीट है जो कांग्रेस के कब्जे में है। यहां से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने एक मजबूत गढ़ के तौर पर अमेठी को गंवाया था जब राहुल गांधी भाजपा की स्मृति इरानी से परास्त हो गए थे।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार भाजपा आगामी चुनाव में न सिर्फ अमेठी के किले को बरकरार रखेगी बल्कि उसका इरादा रायबरेली से कांग्रेस का सफाया कर राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में देश की सबसे पुरानी पार्टी का सूपड़ा साफ करने का होगा। ईरानी के अलावा भाजपा के अन्य कद्दावर नेता भी लगातार अमेठी और रायबरेली का दौरा कर रहे है।

केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता बताया कि ईरानी ने सलोन क्षेत्र के सभी 319 बूथों की समस्याओं को सुना। सभी समस्यायों के समाधान के लिए जमीन स्तर पर प्रयास भी किए गए। स्मृति ईरानी के सामने आई समस्याओं में अब तक एक हजार से अधिक का निस्तारण हो चुका है। वहीं स्मृति की पहल पर सलोन के किसानों के काशी दर्शन का भी कार्यक्रम 28 जून से शुरू हो रहा है।

सलोन विधायक अशोक कुमार ने कहा कि दीदी स्मृति अपने क्षेत्र को अपना परिवार मानती हैं। तभी तो जिस गर्मी में लोग अपने घरों से नहीं निकलना चाहते हैं, उसमें दीदी हम सब की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव पहुंची। सात दिनों में 40 गांवों में चौपाल लगाकर दीदी ने विधान सभा क्षेत्र के सभी 319 बूथों के लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी पीड़ा सुनी।

विधान सभा क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम के अंतिम दिन शनिवार को सलोन के बटोही में कार्यकर्ता सम्मेलन व टिफिन भोज कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें विधान सभा क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने संवाद किया। सभी कार्यकर्ताओं ने मन की बात सुनी। कार्यक्रम में एक हजार के करीब कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। ”

उन्होंने कहा कि 28 जून से काशी दर्शन कार्यक्रम की शुरूआत हो रही है। दीदी काशी दर्शन के साथ ही अपने किसान भाइयों को स्वावलंबी बनाने के लिए वहां डेरी, पशु पालन, जैविक खेती व प्राकृतिक खेती के बारे में प्रशिक्षित करने का कार्यक्रम तय कर रखा है। विधान सभा के सभी बूथ अध्यक्ष एक-एक किसान को काशी दर्शन के लिए प्रथम चरण में भेज सकते हैं।

स्थानीय सांसद फिलहाल दिल्ली लौट चुकी हैं मगर आगामी 20 जून से उनका भ्रमण कार्यक्रम अमेठी में होने के पूरे आसार है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में इसका असर कितना रहता है।

सूरजकुंडधाम के गुरूदेव अवधेशानंद महाराज का अनगढ़ बावजी के संत अमराभगत की धूणी पर चातुर्मास

तखतगढ़( पाली)। कुंभलगढ़ के सूरजकुंडधाम के गुरूदेव अवधेशानंद महाराज का इस साल चित्तौड़गढ़ के नरबदिया के अनगढ़ बावजी के संत अमराभगत की धूणी पर चातुर्मास होगा। एक जुलाई से प्रस्तावित चातुर्मास प्रवेश पर तखतगढ़ से हजारों श्रद्धालू शिरकत करने जाएंगे।

दरअसल, तखतगढ़ कस्बे में करीब एक सौ साल बाद बीते वर्ष तखतगढ़ में 13 जुलाई को सूरजकुंडधाम के गुरूदेव अवधेशानंद महाराज का नगर प्रवेश हुआ। करीब चार माह तक का चातुर्मास बीते वर्ष जोधपुर संभाग में शीर्ष पर रहा। हजारों श्रद्धालू प्रतिदिन दर्शनों को आतुर रहे।

पाली, जालोर एवं सिरोही जिले के केन्द्र बिंदू रहे तखतगढ़ कस्बे में चातुर्मास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुधंरा राजे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टियों के पदाधिकारियों का आवागमन रहा। कस्बे के सुमेरपुर मार्ग स्थित पालिकाध्यक्ष ललित रांकावत के रांकावत टेंट डेकोरेशन के स्थल पर प्रतिदिन सुबह से लेकर रात 12 बजे तक चहल पहल बनी रहती। आलीशाॅन डोम के साथ आने वाले हर श्रद्धालू का मन पुलकित हो उठता।

अविनाश अवधेशानंद महाराज के चातुर्मास से पूर्व तखतगढ़ पालिकाध्यक्ष ललित राकांवत, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गणपत सोमपुरा, व्यापार संघ अध्यक्ष जितेंद्र चांदोरा, दिनेश कुमावत, अमृत सुथार, मोहन मालवीय, गणेश कुमावत, मुकेश सुथार, आनंद सोनी सहित अन्य नगर वासियों ने मौका मुआयना किया।

पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण 28 की मौत, 145 घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश और आंधी के कारण कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई और करीब 145 लोग घायल हो गए।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी बयान के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू, डेरा इस्माइल खान, करक और लक्की मरवत में वर्षाजनित घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 145 लोग घायल हो गये। वहीं कम से कम 69 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।

प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा में सभी 1122 केंद्रो को किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है। खोज और बचाव अभियान जारी है और सभी घायलों को मौके पर चिकित्सा सहायता प्रदान करने के बाद अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बन्नू जिले के रहने वाले डिप्टी स्पीकर नेशनल असेंबली जाहिद अकरम दुर्रानी के साथ टेलीफोन पर बातचीत में बारिश से संबंधित घटनाओं में जानमाल के नुकसान पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा के मुख्य सचिव और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्काल उपाय करने का निर्देश दिया है।

खैब्र पख्तूनख्वा के कार्यवाहक सूचना मंत्री बैरिस्टर फिरोज जमाल शाह ने अपने बयान में कहा कि प्रभावित जिलों के अस्पतालों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार प्रभावित क्षेत्रों के अधिकारियों के संपर्क में है।

अजमेर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाया स्वच्छता अभियान

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केन्द्र में 9 साल शासन के पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी संगठन के महाजनसंपर्क अभियान के तहत आज अजमेर में स्वच्छ भारत मिशन अभियान को आगे बढ़ाते हुए जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों ने संयुक्तरुप से सफाई अभियान चलाया।

अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी व भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी की अगुवाई में अजमेर रेलवे के अधिकारियों एवं भाजपाइयों ने पहले सफाई की शपथ ली। उसके बाद गांधी भवन के सामने रेलवे स्टेशन परिसर में सभी ने विधिवत झाड़ू लगाकर सफाई का आगाज किया।

शपथ में कहा गया कि दुनियां में देश स्वच्छ दिखते हैं क्योंकि वहां के नागरिक गंदगी नहीं करते। आज से गांव-गांव, गली-गली, परिवार, मौहल्ले, मेरे कार्यस्थल पर सफाई रखूंगा। सफाई कार्य में सांसद चौधरी ने अपनी भागेदारी निभाते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री मोदी का मिशन है, जिसे हम सबको पूरा करना है।

राजीव धनखड़ मंडल रेल प्रबंधक, विधायक वासूदेव देवनानी, विधायक अनीता भदेल, पूर्व जिला प्रमुख सरिता गैना, पूर्व महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, पूर्व शहर अध्यक्ष अरविंद यादव सहित अनेक भाजपाई एवं अजमेर रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान सफाई के लिए झाड़ू , ग्लब्स एवं अन्य सभी साधन बिल्कुल नए इस्तेमाल किए गए।

अजमेर में राजेश पायलट की पुण्यतिथि को प्रेरणा दिवस के रूप मनाया

अजमेर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता स्वर्गीय राजेश पायलट की पुण्यतिथि को आज राजस्थान के अजमेर में प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया।

राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं अजमेर के पूर्व सांसद रहे सचिन पायलट के समर्थकों एवं गुर्जर समाज ने ब्यावर रोड स्थित उबरा का देवरा परिसर में स्वर्गीय राजेश पायलट की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अजमेर देहात कांग्रेस के निवर्तमान उपाध्यक्ष एवं एडवोकेट हरि सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पायलट समर्थकों, कांग्रेसजनों तथा गुर्जर समाज के लोगों ने भी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके कृतित्व और व्यक्तित्व को याद किया।

गुर्जर ने कहा कि स्वर्गीय पायलट किसान नेता के साथ साथ जनजन के नेता थे और उन्होंने देश और कांग्रेस को आगे बढ़ाने के लिए सतत काम किया तथा 11 जून 2000 को जयपुर-आगरा हाईवे पर हुए हादसे में उनका देहवसान हो गया। यह पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति रही। अब हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना है।

अजमेर में पुण्यतिथि सभा के बाद पायलट समर्थक एवं गुर्जर समाज दौसा के लिए प्रस्थान कर गया जहां भडाना में स्वर्गीय पायलट के स्मृति स्थल की सभा में भाग लेगा तथा गुर्जर छात्रावास परिसर में स्वर्गीय राजेश पायलट की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शिरकत करेगा।

सबगुरु राशिफल : 11 जून रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, कृष्ण पक्ष, अष्टमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2080, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 12.06 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी भी आपको मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आयेंगे और सजने सवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करें और सोच समझकर करें। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते है।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाए रखें। नई योजनाओं का आरम्भ करके और नाम कमाएंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है।सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

मीन :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च के आसार हैं।