Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 190 -
होम ब्लॉग पेज 190

जशपुर में ऑटो गहरी खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत, दो घायल

 

पत्थलगांव। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आज एक ऑटो के 50 फीट गहरी खाई में गिरकर पलटने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि जशपुर -सन्ना मार्ग के घाघरा के समीप छतोरी के पास अनियंत्रित होकर आटो गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ऑटो वाहन मालिक बुधनाथ और उसकी पत्नी फूलमती सहत चार लोगों की मौत हो गई है।

दो अन्य गंभीर घायलों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। वाहन करदना जाते वक्त अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में गिरा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह से वापसी के दौरान यह घटना घटित हुई है।

सबगुरु राशिफल : 1 जून गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, शुक्ल पक्ष, द्वादशी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2080, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 01.39 बजे से त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि:- आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आज आप प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। नए कार्य का आरंभ भी आज कर सकते हैं। मित्रों और स्नेहीजनों से भेंट होने से आनंद हो सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। मित्रों से सहयोग मिलेगा। कार्य में मिली सफलता के कारण आपके उत्साह में वृद्धि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त करेंगे। सम्बंधों में भावनात्मकता अधिक रहेगी। समाज में मान-सम्मान मिलेगा।

वृष राशि:- आपको आज संभलकर चलने की आवश्यकता है। खासकर भावना और संवेदनशीलता में बहकर स्त्रीवर्ग से सम्बंध बनाने से आपको बचना होगा। पानी तथा प्रवाही पदार्थों से घात है, इसलिए उनसे भी दूर रहिएगा। किसी व्याधि के कारण मन दुविधा में रहने से निर्णय लेने में बाधा आ सकती है। अधिक विचारों के कारण हो रही मानसिक थकान से नींद न आए, ऐसा भी हो सकता है और इसका स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर भी पड़ सकता है। कौटुंबिक संपत्ति की चर्चा या वाद-विवाद से दूर रहिएगा।

मिथुन राशि:- आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। आपका आज का दिन परोपकार और सद्भावनाओं में बीतेगा। सेवा-पुण्य का कार्य भी हो सकता है। मानसिक रूप से कार्यभार अधिक रहेगा, लेकिन मित्रों का भरपूर सहयोग मिलेगा। इस कारण सभी कार्य सफलता से कर सकेंगे। सत्कार्य करने के फलस्वरूप शारीरिक और मानसिक रूप से स्फूर्ति का अनुभव करेंगे। आर्थिक लाभ होने की संभावना है।

कर्क राशि:- आपके लिए आज का दिन बहुत शुभ है। आज आपको वाद-विवाद में अच्छी सफलता मिलेगी। आपकी वाणी किसी को मोहित करेगी और वह आप के लिए लाभदायी रहेगा। इससे नए सम्बंधों में सद्भाव बढ़ने की भी संभावना है। विद्यार्थियों को पढ़ने-लिखने में अभिरुचि बढ़ने से उनके लिए आज अच्छा दिन है। परिश्रम की अपेक्षा कम प्राप्ति होने पर भी अपने कार्य में आप अग्रसर हो सकेंगे। आज आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।

सिंह राशि:- आपके लिए आज का दिन बहुत शुभ है। आज आर्थिक लाभ होने के संकेत मिल रहे हैं। परिवारजनों के साथ आप अच्छी तरह से समय बिता सकेंगे। उनका सहयोग भी अच्छा मिल सकता है। आर्थिक क्षेत्र में आय की अपेक्षा व्यय ही अधिक होगा। फिर भी वाणी द्वारा आप सबके मन को जीत सकेंगे। कार्य का व्यवस्थित आयोजन करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। अत: सतर्क रहें।

कन्या राशि:- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आप वाक्चातुर्य से मीठे सम्बंध बना सकेंगे, जो कि भविष्य में आपके लिए लाभदायी सिद्ध होंगे। वैचारिक रूप से समृद्धि बढ़ेगी। शरीर, स्वास्थ और मन प्रसन्न रहेगा। पारिवारिक जीवन में उल्लासमय वातावरण रहेगा। शुभ समाचार मिलने के कारण मन प्रफुल्लित रहेगा। कार्य स्थल पर खुशी का अनुभव होगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है।

तुला राशि:- आपके लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कुछ कार्यों में सफलता मिलेगी, लेकिन उन्हें सावधानी पूर्वक शुरू करने की आवश्यकता है। आज आपका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। मानसिक रूप से भी आप अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। आपकी वाणी और वर्तन से किसी को भ्रांति न हो उसकी सावधानी रखिएगा। अपने क्रोध पर संयम रखिएगा। आपकी आय की अपेक्षा व्यय अधिक होने की संभावना है।

वृश्चिक राशि:- आपके लिए आज का दिन शुभ है। आर्थिक लाभ के संयोग बन रहे हैं। मित्रों के साथ भेंट होगी तथा उनके साथ घूमने-फिरने, आनंद-प्रमोद करने में खर्च होगा। नौकरी या व्यावसायिक क्षेत्र में आपकी आय बढ़ेगी। उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। साथियों से भरपूर सहयोग मिलेगा। दांपत्य जीवन में वातावरण आनंदमय रहेगा। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

धनु राशि:- आज का दिन आपके लिए प्रतिकूल रहेगा। आपको आज निषेधात्मक कार्यों और नकारात्मक विचारों से दूर रहना होगा। अन्यथा मुसीबत में पड़ सकते हैं। झगड़े-विवाद से बचें, क्रोध और वाणी पर संयम रखें। पारिवारिक वातावरण कलुषित रहेगा। आर्थिक तंगी का अनुभव होगा। अत्यधिक मनोमंथन करने से मानसिक थकान अनुभव करेंगे। ईश्वर का स्मरण और आध्यात्मिकता आपके मानसिक बोझ को हल्का करेंगे।

मकर राशि:- दैनिक कार्यों से बाहर निकलकर आज आप कुछ रचनात्मक करेंगे। पड़ोसी की मदद लेनी पड़ सकती है। रुका हुआ प्राप्त करने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। कलाकार एवं कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। व्यवसाय में भागीदारी के लिए शुभ समय है। वैवाहिक जीवन में अधिक निकटता स्थापित की जा सकती है। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान मिलेगा।

कुंभ राशि:- आपका आज का दिन बहुत अच्छे से बीतेगा। आज आपकी यश, कीर्ति और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में उच्च पदाधिकारी खुश रहने से पदोन्नति की संभावना बढ़ेगी। स्वास्थ्य बना रहेगा। परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा। पिता तथा सरकार की तरफ से लाभ मिलेगा। आर्थिक योजना अच्छी तरह पूरी कर सकेंगे। व्यापार-धंधे के नए अवसर मिलेंगे। अन्य लोगों की सहायता करने का प्रयत्न करेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी।

मीन राशि:- आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। बौद्धिक कार्य या साहित्य लेखन जैसी प्रवृत्तियों के लिए आज अनुकूल दिन है। आपके व्यवसाय में नई विचारधारा आपके कार्यों को नया स्वरूप देंगे। व्यवसाय के क्षेत्र में प्रतिकूल वातावरण आपके मन को अस्वस्थ करेंगे। शारीरिक थकान महसूस होगी। संतान की समस्या आपको परेशान करेगी। गलत रूप से धन खर्च होगा। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद टालें।

निर्जला एकादशी : ज्योतिबा फुले ​सर्किल पर शीतल पेय का वितरण

अजमेर। निर्जला एकादशी के अवसर पर बुधवार को मां सावित्री बाई फुले मातृशक्ति कल्याण संस्थान ने ज्योतिबा फुले सर्किल पर शीतल पेय का वितरण किया।

संस्था की महिला टीम तथा माली समाज के वरिष्ठजनों ने मार्ग पर आने जाने वाले राहगीरों को सम्मानपूर्व रोककर उन्हें मैंगो शेक, मिल्क शेक व ठंडे शरबत पिलाया।

इस आयोजन में सुनीता चौहान, लक्ष्मी तुनवाल, कीर्ति सिंगोदिया, किरण सोलंकी, ललिता माली, सरोज कच्छावा, मधु चौहान, चंचल गढ़वाल, दुर्गा पालरिया, इंदिरा तुनवाल, पुष्पा सोलंकी, रितु सांखला, नीरू जादम, ज्योति जादम, किरण तुनवाल, माया मौर्य, सना चौहान, सुहानी जादम, सलोनी चौहान, रेखा दगदी, हनी सिंगोदिया, हिना जादम, रतन लाल जादम, त्रिलोकचंद इंदौरा, मेवालाल जादम, विनोद गढ़वाल, महावीर सिंह चौहान, जितेंद्र भाटी, महेश चौहान, हिमांशु चौहान, हेमराज सिसोदिया, प्रदीप कच्छावा, अरुण तुनवाल, भानु प्रताप कच्छावा, संदीप तवर, कैलाश तुनवाल, राकेश तंवर, भूपेंद्र सिंह चौहान, मनीष सिंह चौहान, विनोद जादम, सुरेंद्र चौहान, देवेश जादम, हेमराज खारोलिया, धर्मेंद्र टाक, तरुण जादम, नवीन महावर, पवन जादम, धर्मेंद्र सिंह चौहान समेत माली समाज के गणमान्यजन मौजूद रहे।

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने रसियावास खुर्द पहुंचकर जताया शोक

तखतगढ़(पाली)। समीपवर्ती रसियावास खुर्द (जालोर) निवासी एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य नरपतसिंह बालोत के निधन पर उनके निवास स्थल पहुंचकर जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने परिजनों को सांत्वना देते हुए तस्वीर के समक्ष पुष्प अर्पित किए।

जल शक्ति मंत्री शेखावत पाली से सांडेराव होकर तखतगढ़ कस्बे से गुजरते राष्ट्रीय राजमार्ग 325 पावटा सर्किल पहुंचे। जहां विधायक राजपुरोहित ने अगुवाई की। इस मौके पर डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, मनोहरसिंह डोडियाली, प्रतापसिंह पलासिया खुर्द, माधोसिंह बालोत रसियावास, हरिसिंह रसियावास, रमेशसिंह राजुपरोहित, भंवरलाल सेन आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व तखतगढ़ चौराहे पर भाजपाई भी पहुंचे।

नसीराबाद के पत्रकार पीयूष जिंदल ने सेवा कार्य कर मनाया जन्मदिन

नसीराबाद। कस्बे के पत्रकार पीयूष जिंदल ने अपना जन्मदिन सेवा कार्य कर मनाया। जिंदल ने बहुत कम समय मे पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना नाम चमकाया है। बुधवार को जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने सुबह मंदिर में पूजा अर्चना कर गरीबों को तैयार भोजन के पैकेट बांटे और गौवंश को हरा चारा व गुड़ खिलाया।

उनके प्रशंसकों ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से और फोन पर जन्मदिन की बधाइयां दीं। नसीराबाद प्रेस क्लब की ओर से उनके जन्मदिन पर एक रेस्तरां में केक काटा गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित कुमार चौकड़ीवाल, संरक्षक अजीत सेठी, सचिव हेमंत प्रजापति, प्रचार मंत्री राजेश चौहान, सहसचिव रवि चावला, पत्रकार श्याम सिंह सांखला सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

संभाग पर्यवेक्षक ने ग्राम विकास अधिकारियों को करवाया कार्य भार ग्रहण

नसीराबाद। संभाग पर्यवेक्षक भंवरसिंह चारण ने बुधवार को जिला स्तरीय आधारभूत प्रशिक्षण के उपरान्त पंचायत समिति श्रीनगर में नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करवाया।

उन्होंने मिटिंग कर नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारियों को पंचायत समिति श्रीनगर क्षेत्र में प्रगतिरत स्वामित्व योजना के कार्य के बारे में बताया साथ ही आंवटित ग्राम पंचायत के अतिरिक्त एक-एक पंचायत में सर्वे कार्य, स्वामित्व संबंधित दस्तावेजों का डाटा ई पंचायत पर अपलोड करने हेतु निर्देशित किया।

सहायक विकास अधिकारी नन्दकिशोर कुमावत ने बताया कि पंचायत समिति श्रीनगर की 25 ग्राम पंचायतों के 90 राजस्व ग्रामों में सें 88 ग्रामों में ड्रोन द्वारा सर्वे किया जा चुका है। इसमें से 65 राजस्व ग्रामों में प्रोपर्टी कार्ड संबंधित ग्राम पंचायतों में पूर्व में भिजवा दिए गए।

संबंधित ग्राम पंचायतों कीे सर्वे समिति द्वारा उस सम्पत्ति के मालिक का नाम, पिता का नाम, आधार कार्ड संख्या, मोबाईल नम्बर, उस भूखण्ड की दिशाओं की स्थिति, क्षेत्रफल इत्यादि की जानकारी संकलित की जाएगी। सर्वे समिति द्वारा सर्वेक्षण कार्य कर, ग्रामीणों की आपत्तियों का निस्तारण पंचायत कोरम, विशेष ग्राम सभा में निस्तारण कर भारतीय सर्वेक्षण विभाग को फाईनलाईज मैप हेतु भेजा जाएगा।

फाईनलाईज मैप को एवं सूचियों को ग्राम पंचायत में आम जन के अवलोकनार्थ रखा जाएगा। इसके आधार पर संबंधित लाभार्थियों को राजस्थान पंचायतीराज नियम- 1996 के अनुसार पटटा रजिस्ट्री करवाकर दी जाएगी साथ ही स्वामित्व की गाईड लाईन के अनुसार स्वामित्व संबंधित डाटा ई पंचायत पोर्टल पर भी अपलोड किया जाएगा। इस दौरान सभी नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

इंतजार करते रह गए युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, नहीं आए PM मोदी

अजमेर। शहर युवा कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में लगे महंगाई राहत कैंप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित कर उनके आने का इंतजार किया।

जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया की पिछले दिनों प्रधानमंत्री को मीडिया, ईमेल, फैक्स, और अति कलेक्टर के जरीए आमंत्रण पत्र भेजा गया था। युवा कांग्रेस का प्रधानमंत्री मोदी से यह निवेदन था की वे महंगाई राहत कैंप में आकर राजस्थान सरकार लागू 10 कल्याणकारी योजनाओं के इस मॉड्यूल को देश भर में लागू कर आम जनता को महंगाई की मार से बचाएं।

शहर जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारी प्रधानमंत्री का कलेक्ट्रेट परिसर में लगे महंगाई राहत कैंप में अपराहन 3 बजे से शाम 6 बजे तक इंतज़ार करते रहे लेकिन ना तो प्रधानमंत्री मोदी आए ना ही उनका कोई प्रतिनिधि।

इससे साफ झलकता है कि प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता को बढ़ती महंगाई से राहत पहुंचाने की मंशा नहीं रखते हैं। अजमेर युवा कांग्रेस आने वाले दिनों में देश की जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ का आयोजन करेगी।

महंगाई राहत कैंप में इंतज़ार करने वाले पदाअधिकारी ब्लॉक अध्यक्ष पवन ओड, प्रदेश सचिव अकबर हुसैन, मंडल अध्यक्ष मनीष सेन, विधानसभा अध्यक्ष शोएब अख्तर, इलियास खान, ओम प्रकाश मंडावरा, अख़्तर कुरेशी, धीरज खोरवाल, तोसिफ अहमद, सिद्देश कुमार, मोहसिन रंगरेज, भूपेंद्र सिंह, गफ्फार शेख, ओसामा खान, सलामन कुरेशी आदि मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर में किए दर्शन

बुलंदशहर में नाबालिग से रेप के दोषी को 25 साल कैद की सजा

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले की स्पेशल पास्को न्यायालय ने दुष्कर्म के आरोपी को 25 वर्ष का कठोर कारावास और 35,000 हजार रूपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।

विशेष लोक अभियोजक वरुण कौशिक ने बुधवार को बताया कि थाना कोतवाली नगर बुलन्दशहर के मोहल्ला मोहन कुटी निवासी लाला उर्फ छबड़ा ने वर्ष-2019 में थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना कारित की थी जिसके सम्बन्ध में 18 नवंबर 2019 को थाना कोतवाली नगर पर धारा 363, 376एबी भादवि व 4 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था।

पुलिस ने इस अभियोग को जघन्य अपराधों की श्रेणी में चिन्हित कर न्यायालय में सशक्त, पैरवी कर अभियोजन की कार्यवाही सम्पन्न कराई थी, जिसके परिणामस्वरुप आज 31 मई को न्यायालय स्पेशल पोक्सो एडीजे स्पेशल पास्को ध्रुव कुमार ने दोष सिद्ध पाए जाने पर लाला उर्फ छबड़ा को 25 वर्ष का कठोर कारावास व 35,000 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा से दण्डित किया है।

हरदा : कार में आग लगने से जिन्दा जले चारों लोगों की पहचान

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले के नौसर गांव में आज सुबह एक कार के पेड से टकराकर आग लग जाने से उसमें सवार चार लोगों की जिन्दा जल जाने से मौत हो गई, जिनकी शिनाख्त कर ली गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह एक कार पेड से जा टकराई जिसके बाद कार में सवार चार लोग जिंदा जल गए। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार से चार लोगों के जले हुए शव निकाले गए।

इनकी शिनाख्त हरदा जिले के ग्राम बरकला निवासी अखिलेश कुशवाहा, राकेश कुशवाहा, शिवानी और आदर्श चौधरी के रूप में हुई है। दुर्घटना में मृत अखिलेश और राकेश सगे भाई थे। अखिलेश और आदर्श शादी-विवाह में फोटो शूट का काम करते थे।

देवरिया में तहसीलदार ने शादी का झांसा देकर किया रेप, केस दर्ज

देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रूद्रपुर तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म मुकदमा दर्ज कर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बुधवार को बताया कि रूद्रपुर तहसील क्षेत्र की एक महिला ने रूद्रपुर के तहसीलदार अभय पर आरोप लगाया था कि तहसीलदार ने उसके साथ शादी का झांसा देकर उसका मानसिक तथा यौन शोषण किया है। उन्होंने बताया कि महिला की तहरीर पर तहसीलदार के खिलाफ मंगलवार देर रात गम्भीर दफाओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

रूद्रपुर थाना प्रभारी ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज कराने के बाद उसका मेडिकल कराएगी। आरोपी अधिकारी के गिरफ्तारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही। जांच के बाद देखा जाएगा।

गौरतलब है कि पीड़ित महिला तहसीलदार के चेम्बर में पहुंची थी और किसी बात पर महिला और तहसीलदार में नोक-झोक शुरू हो गई थी। महिला ने तहसीलदार के चेम्बर से बाहर निकलते ही रूद्रपुर के तहसीलदार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उक्त तहसीलदार उसका यौन शोषण करता चला आ रहा है, जिसका साक्ष्य मोबाइल फोन में है। महिला ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से जनता दर्शन में किया था। जिसकी जांच के लिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा था।