Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 194 -
होम ब्लॉग पेज 194

रेशम के कीड़ों को मारे बिना तैयार होंगे श्री जगन्नाथ मंदिर के देवताओं के रेशमी कपड़े

पुरी। ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के अनुष्ठानों में उपयोग किए जाने वाले रेशम के कपड़ों (गीत गोबिंद खंडुआ) को रेशम के कीड़ों को मारे बिना खूबसूरती से तैयार किया जाएगा। ओडिशा के मुख्य सचिव एवं श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के कार्यकारी अध्यक्ष पीके जेना ने आगामी रथ यात्रा की तैयारियों पर आयोजित एक बैठक के बाद यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि प्रायोगिक तौर पर रेशम के कीड़ों को जीवित रखते हुए कुछ रेशम के परिधान तैयार किए गए हैं। यह एक सराहनीय कदम है। हमारा उद्देश्य है कि देवताओं के उपयोग के लिए तैयार किए जाने वाले उत्पाद के निर्माण हेतु किसी कीड़े को मारा नहीं जाए।

राज्य हथकरघा निदेशालय ने रेशम के कीड़ों को मारे बिना एक विशेष प्रक्रिया के माध्यम से 88 मीटर लंबाई का रेशम खंडुआ तैयार किया है। अनुष्ठानों में इस उत्पाद का उपयोग करने का संकल्प लिया गया है। बैठक में अनुष्ठान, छतिशा निजोग से लेकर नीलाद्री बीजे (उत्सव का समापन) तक उत्सव कार्यक्रमों को मंजूरी प्रदान की गई।

चार जून को गर्भगृह से स्नान वेदी तक देवताओं की रस्मी पाहंडी समाप्त होने के बाद स्नान अनुष्ठान के दिन से देवताओं के दर्शन जारी रहेंगे। हालांकि भक्तों को देवताओं को छूने से रोका जाता है। भक्त शाम को प्रसिद्ध हाटी वेशा के दर्शन करेंगे।

इसके अलावा, मंदिर के सेवादारों के बच्चों के लिए 2024-25 शैक्षणिक सत्र तक गुरुकुल स्कूलों की स्थापना को पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्य सचिव जेना ने बताया कि परिक्रमा परियोजना निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरी कर ली जाएगी।

दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका

नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी की शराब नीति-2021-22 (जो बाद में रद्द कर दी गई थी) में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर से दर्ज प्राथमिकी मामले में दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका मंगलवार को खारिज कर दी।

न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा की एकल पीठ ने आम आदमी पार्टी नेता की याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता प्रभावशाली व्यक्ति हैं और जमानत मिलने के बाद वह गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। इस वजह से उन्हें जमानत नहीं दी सकती।

राउस एवेन्यू स्थित एमके नागपाल की विशेष अदालत ने 31 मार्च को मनीष सिसोदिया को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय( ईडी) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित प्राथमिकी में सिसोदिया की जमानत याचिका 28 अप्रैल खारिज कर दी थी।

मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी 2023 को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह ईडी और सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद है।

सीबीआई मामले में न्यायिक हिरासत के दौरान ईडी ने सिसोदिया से पूछताछ की थी और पर नौ मार्च को गिरफ्तार किया था। बाद में विशेष अदालत ने ईडी की याचिका पर सिसोदिया को उसकी हिरासत में भेजा दिया था। ईडी की हिरासत खत्म होने के बाद इस मामले में भी उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। सीबीआई ने 17 अक्टूबर 2022 को सिसोदिया से पूछताछ की थी। सीबीआई ने 17 अगस्त 2022 को सिसोदिया और अन्य 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

महाराष्ट्र के चंद्रपुर से कांग्रेस सांसद सुरेश उर्फ बालू धानोरकर का निधन

नई दिल्ली/नागपुर। महाराष्ट्र में कांग्रेस के इकलौते सांसद सुरेश उर्फ बालू धानोरकर का मंगलवार तड़के दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 47 वर्ष के थे।

कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि चंद्रपुर से सांसद धानोरकर का नागपुर के एक अस्पताल में गुर्दे की पथरी का इलाज चल रहा था। समस्या बढ़ने के कारण, उन्हें रविवार को इलाज के लिए नयी दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे उनका निधन हो गया।

प्रवक्ता ने बताया कि आज अपराह्न दो बजे धानोरकर का पार्थिव शरीर उनके घर वरोरा लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार शाम चार बजे वरोरा के वाणी बाईपास श्मशान घाट में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में विधायक पत्नी प्रतिभा और दो पुत्र हैं।

गौरतलब है कि धानोरकर का जन्म चार जून 1975 को यवतमाल जिले में हुआ था। वह महाराष्ट्र से एकमात्र कांग्रेस सांसद थे। उन्होंने चंद्रपुर जिले में बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और 2014 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता।

कृति सैनन ने सीता गुफा और कालाराम मंदिर में किए दर्शन

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन ने सीता गुफा और कालाराम मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कृति सैनन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘आदिपुरुष’ को लेकर चर्चा में है।

ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रभास भगवान श्रीराम का रोल और कृति सैनन माता जानकी का किरदार निभा रही हैं। कृति सैनन नासिक की पवित्र भूमि पंचवटी में दर्शन के लिए गई। कृति सैनन ने कालाराम मंदिर में भक्ति भाव से दर्शन और पूजा अर्चना की और उसके बाद ‘राम सिया राम’ गाने पर आरती की।

कृति सैनन ने सीता गुफा में दर्शन किए और माता जानकी का आशीर्वाद प्राप्त किया। फिल्म ‘आदिपुरुष’ 16 जून 2023 को रिलीज होगी। इस फिल्म में प्रभास, सैफ अली खान, कृति सैनन, देवदत्त गजानन नागे, सोनल चौहान, वत्सल सेठ आदि प्रमुख भूमिका में हैं।

अमरीका में गोलीबारी में 16 की मौत, 30 से अधिक घायल

वाशिंगटन। अमरीका में स्मृति दिवस सप्ताहांत के दौरान गोलीबारी में मरने वालों की संख्या 16 हो गई है और 30 से अधिक लोग घायल हैं।

एनबीसी न्यूज ने बताया कि देश के कम से कम आठ राज्यों में समुद्र तटों (बीच) पर, हाई स्कूलों में, मोटरसाइकिल रैलियों के दौरान और अन्य स्थानों पर बंदूक से हिंसा के मामले सामने आए। इन घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए, जिनमें से अब तक 16 की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने बंदूक हिंसा को महामारी करार देते हुए उससे निपटने को उनके प्रशासन की घोषित प्राथमिकता बताया था, लेकिन अभी तक इस प्रक्रिया में कोई महत्वपूर्ण प्रगति नहीं हुई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुष्कर में होगा अभूतपूर्व स्वागत

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान में अजमेर के पुष्कर में सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी के दर पर अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा।

पुष्कर में विश्व के एकमात्र ब्रह्मा मंदिर को सजाया जाएगा साथ ही भगवान ब्रह्माजी की मूर्ति का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर पुजारी कृष्ण गोपाल वशिष्ठ ने प्रशासनिक सहमति के बाद इसकी तैयारी की है।

मोदी, ब्रह्मा मंदिर के नजदीक ही मेला मैदान के अस्थाई हैलीपैड पर 3.30 बजे उतरेंगे और सड़क मार्ग से ब्रह्मा मंदिर के पिछले दरवाजे से गर्भगृह में प्रवेश करेंगे। यहां मंदिर पर ब्रह्मा मूर्ति के समक्ष श्री मोदी के हाथों से ब्रह्माजी-गायत्री की मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक, पूजाअर्चना एवं आरती कराई जाएगी। बीस मिनट के ठहराव के दौरान पुजारी परिवार की ओर से विशेष भगवा पगड़ी पहना, उन्हें ब्रह्मा जी की तस्वीर स्मृति स्वरूप भेंट की जाएगी।

संयोग है कि प्रधानमंत्री मोदी का पवित्र निर्जला एकादशी को पुष्कर आना हो रहा है। इस दिन पवित्र पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट पर मोदी दुग्धाभिषेक कर पुण्य लाभ ले सकते हैं, इस पर निर्णय आज रात तक सम्भावित है। उनके पुश्तैनी पुरोहितों ने प्रशासन और भाजपा नेताओं के जरिये सूचना भिजवाई है। स्पष्ट कर दें कि ब्रह्म घाट पर भी प्रशासनिक व सुरक्षा व्यवस्था कर ली गई है।

इसके बाद मोदी कायड़ विश्राम स्थली (अजमेर) पहुंचकर 9 साल बेमिसाल विशाल आमसभा को सम्बोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि मोदी 23 साल पूर्व 25 नवम्बर 2000 को भाजपा राष्ट्रीय महासचिव की हैसियत से पुष्कर आए थे।

कटरा जा रही बस खाई में गिरी, 10 यात्रियों की मौत 57 घायल

जम्मू। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों को लेकर कटरा जा रही एक बस के मंगलवार तड़के जम्मू के बाहरी इलाके में झज्जर कोटली के समीप जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से फिसल कर गहरी खाई में गिर जाने से 10 लोगों की मौत हो गयी और 57 अन्य घायल हो गये। घायलों में से चार की हालत गंभीर है।

पुलिस ने बताया कि अमृतसर से तीर्थयात्रियों को लेकर बस कटरा जा रही थी। बस आज तड़के झज्जर कोटली पहुंची, इसी दौरान एक पुल पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और वह सड़क से फिसल कर गहरी खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 57 लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चार लोगों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य को डंसल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें तुरंत हरकत में आयीं और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर कहा कि कटरा जा रही बस के सड़क हादसे की खबर मिलने के बाद अभी-अभी जम्मू की उपायुक्त अवनी लवासा से बात की। सभी घायलों को जीएमसी जम्मू में स्थानांतरित किया गया है। हर संभव मदद की जा रही है। मैं लगातार संपर्क में हूं।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू के झज्जर कोटली में एक दुखद बस दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद पीड़ा हुई है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा हूं। जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि वे घायलों को हर संभव सहायता और उपचार प्रदान करें।

लीबिया की अदालत ने 23 आईएस आतंकवादियों को सुनायी मौत की सजा

त्रिपोली। लीबिया के मिसराता की एक अदालत ने रूस में प्रतिबंधित इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादी समूह के 23 आतंकवादियों को मौत की सजा और अन्य 14 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। स्थानीय मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।

लीबिया के अल वासत अखबार ने बताया कि कुछ प्रतिवादी सीरिया, ट्यूनीशिया और सूडान से लीबिया आए थे। सभी आतंकवादियों को 2016 के अंत में अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बलों द्वारा चलाए गए एक अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

आईएस एक आतंकवादी इस्लामी समूह है, जो मुख्य रूप से सीरिया और इराक में सक्रिय है। वर्ष 2014 से 2019 तक यह अमरीका के साथ-साथ रूस के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन से हार गया था। इस समूह पर रूस में प्रतिबंध लगया गया था।

गौरतलब है कि रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने 2021 में कहा कि सीरिया और इराक में आईएस के खात्मे के बाद, यह आतंकवादी समूह लीबिया सहित अन्य देशों में सक्रिय है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के तीन अधिकारी निलंबित

जयपुर। राजस्थान सरकार ने शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामले में बर्खास्त वाइस प्रिंसिपल अनिल कुमार मीणा के पदोन्नति आदेश जारी करने के प्रकरण में तीन अधिकारियों को निलंबित किया है।

राज्य सरकार के इस संबंध में सोमवार को जारी आदेश के तहत प्रीति जालोपिया, अनुभाग अधिकारी विभागीय जांच (मूल पद प्रधानाचार्य), संदीप जैन, अनुभाग अधिकारी संस्थापन एबी सेक्शन (मूल पद प्रधानाचार्य) एवं हरिश परमार कार्यवाहक प्रधानाचार्य (मूल पद वरिष्ठ अध्यापक) महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भामरी, सिरोही को उप प्राचार्य से प्रधानाचार्य के पद पर पदोन्नति उपरांत पदस्थापन आदेश जारी करने में हुई त्रुटि के लिए राजकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

आदेश के तहत इन अधिकारियों को नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा तथा निलम्बन काल में इनका मुख्यालय संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग जयपुर रहेगा।

अज़मेर : युवाओं का फैशन शो में जलवा, पत्रकार मोहम्मद नज़ीर क़ादरी का सम्मान

अजमेर। पंचशील स्थित होटल ब्राविया में आर्ट एग्जीबिशन और फैशन शो का आयोजन किया गया। इसमें युवा पीढ़ी को प्रोत्साहन के साथ बढ़ावा देने के अवसर प्रदान किए गए। इसके अलावा युवाओं द्वारा बनाई गई चित्रकारी भी प्रदर्शित की गई।

सेलिब्रिटी मीडिया पार्टनर मोहम्मद नज़ीर क़ादरी पत्रकार का सम्मान किया गया। इस मौके पर क़ादरी ने युवाओं को संदेश दिया कि अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए फैशन शो औऱ नई टेक्नोलॉजी का उपयोग करे ,इसकें साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें। साथ ही बल्लेंजा इंटरटेनमेंट मिस्टिक इंटरटेनमेंट ने होटल ग्रीन के साथ राइजिंग व्यू स्टार इंडिया 2023 फैशन शो का आयोजन किया।

इसमें शहर के नौजवानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सद्गुरु ग्रुप व होटल ब्राविया का हमेशा से ही युवा पीढ़ी को अवसर प्रदान करने का प्रयास रहता है। कार्यक्रम में सद्गुरु ग्रुप के प्रेसिडेंट प्रकाश लालचंदानी, होटल ब्राविया के डायरेक्टर प्रतीक शर्मा ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर आलोक माथुर शिवम मेहरा सहित अन्य लोग थे।