Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 195 -
होम ब्लॉग पेज 195

चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवीं बार जीता आईपीएल

अहमदाबाद। चेन्नई सुपर किंग्स ने दो दिन के लंबे इंतजार के बाद अहमदाबाद के मौसम की मनमानी और गत चैंपियन गुजरात टाइटन्स को मात देकर सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब रिकॉर्ड पांचवीं बार जीत लिया।

गुजरात ने वर्षाबाधित खिताबी मुकाबले में युवा वामहस्त बल्लेबाज साई सुदर्शन (47 गेंद, 96 रन) के आतिशी अर्द्धशतक की मदद से चेन्नई के सामने 215 रन का विशाल लक्ष्य रखा, जिसे बारिश के कारण घटाकर 15 ओवर में 171 रन कर दिया गया। चेन्नई ने बल्लेबाजों के संयुक्त साहसी प्रयास की मदद से यह लक्ष्य आखिरी गेंद पर हासिल करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की।

सुदर्शन आईपीएल फाइनल में शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में भले ही अपना नाम नहीं लिखा सके, लेकिन उन्होंने 47 गेंद पर आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से 96 रन बनाकर गुजरात को फाइनल के सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

संभवतः धोनी के आखिरी आईपीएल में यह लक्ष्य चेन्नई के लिये मुश्किल था, लेकिन असंभव नहीं। रोमांच और उत्साह से भरी रात में लंबी खींचातानी के बाद चेन्नई को आखिरी दो गेंदों पर 10 रन की जरूरत थी। रवींद्र जडेजा ने पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका जड़के चेन्नई को जीत दिला दी।

यह चेन्नई का पांचवां आईपीएल खिताब है और उसने सर्वाधिक आईपीएल जीतने के मामले में मुंबई इंडियन्स की बराबरी कर ली है। इन दोनों टीमों के बाद सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स (दो) ने एक से अधिक बार यह टूर्नामेंट जीता है।

चेन्नई ने बारिश के बाद घटे हुए लक्ष्य का पीछा तेजी से करना शुरू किया। रुतुराज गायकवाड़ ने पहले ही ओवर में मोहम्मद शमी को दो चौके जड़ते हुए 10 रन जोड़े, जबकि कॉनवे ने अगले ओवर में हार्दिक पांड्या को एक छक्का और एक चौका लगाया। गायकवाड़-कॉनवे ने 39 गेंद पर 74 रन की साझेदारी कर डाली। मैच गुजरात के हाथ से फिसलता जा रहा था लेकिन नूर अहमद ने सातवें ओवर में गायकवाड़ और कॉनवे दोनों को पवेलियन भेज दिया।

नूर ने अपने निर्धारित तीन ओवरों में मात्र 17 रन दिये, लेकिन चेन्नई ने उनके हमवतन राशिद खान के तीन ओवरों में 44 रन बटोरकर इसकी भरपाई कर ली। रनों की बरसात के बीच मोहित शर्मा ने तीन महत्वपूर्ण विकेट निकालकर गुजरात को मैच में बरकरार रखा। उन्होंने सबसे पहले रहाणे (13 गेंद, दो चौक, दो छक्के, 27 रन) का विकेट निकालते हुए 11वें ओवर में सिर्फ छह रन दिये, जबकि 13वें ओवर में अंबाती रायडू (आठ गेंद, 19 रन) और महेंद्र सिंह धोनी को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया।

चेन्नई को दो ओवर में 21 रन चाहिये थे लेकिन शमी ने 14वें ओवर में सिर्फ आठ रन दिये। मोहित ने आखिरी ओवर की शुरुआती चार गेंदों पर सिर्फ तीन रन दिये, जिसके बाद चेन्नई को दो गेंदों में 10 रन की जरूरत थी। जडेजा ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर सबकी सांसें रोक दीं। आखिरी गेंद पर चेन्नई जीत से चार रन दूर थी। गेंद जडेजा के बल्ले का किनारा छूकर विकेटकीपर और लेग-स्लिप के बीच से बाउंड्री की ओर चली गई और चेन्नई ने खिताब जीत लिया।

इससे पूर्व, चेन्नई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और शुरुआती दो ओवरों में गुजरात के सलामी बल्लेबाजों को परेशान भी किया। दूसरे ओवर में हालांकि दीपक चाहर ने तुषार देशपांडे की गेंद पर शुभमन गिल का कैच छोड़ दिया। तीन रन के मामूली स्कोर पर जीवनदान मिलने के बाद गिल ने देशपांडे के खिलाफ हाथ खोलते हुए लगातार तीन चौके जड़े और साहा के साथ सात ओवर में 67 रन की साझेदारी कर डाली।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंततः रवींद्र जडेजा की गेंद पर शानदार स्टंपिंग करते हुए गिल को पवेलियन लौटाया, लेकिन इससे पहले वह 20 गेंद पर सात चौकों की मदद से 39 रन बना चुके थे।

पहला विकेट गिरने के बाद भी गुजरात की पारी नहीं रुकी और साहा ने तेजी से रन बटोरने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली। साहा ने 36 गेंदों पर अर्द्धशतक पूरा करते हुए सुदर्शन के साथ 64 रन की अर्द्धशतकीय साझेदारी की। साहा ने 39 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाकर 54 रन बनाये जबकि चाहर ने उन्हें धोनी के हाथों कैच आउट करवाया।

अनुभवी बल्लेबाज साहा के 14वें ओवर में पवेलियन लौटने के बाद चेन्नई को उम्मीद होगी कि वह गुजरात को 200 रन के नीचे रोक सकेगी, लेकिन सुदर्शन ने ऐसा नहीं होने दिया। शुरुआती 12 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बनाने वाले सुदर्शन ने साहा के जाते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरी कर दी और 33 गेंद में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। वह इसके बाद भी नहीं रुके और 17वें ओवर में देशपांडे के खिलाफ 19 रन जोड़कर शतक की ओर बढ़ने लगे।

सुदर्शन अपने पहले आईपीएल शतक से चार रन दूर मथीशा पथिराना का शिकार हुए, हालांकि इससे पहले उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ मात्र 32 गेंद पर 81 रन की विस्फोटक साझेदारी करके गुजरात को 200 रन के पार पहुंचा दिया। पथिराना ने आखिरी ओवर की पहली दो गेंदों पर दो छक्के खाने के बाद सुदर्शन और राशिद खान का विकेट लिया और अंतिम चार गेंदों पर सिर्फ दो रन दिये।

पथिराना ने चार ओवर में 44 रन देकर दो विकेट चटकाये, जबकि जडेजा और चाहर ने अपने-अपने चार ओवरों में 38 रन देकर एक-एक सफलता हासिल की। देशपांडे चार ओवर में 56 रन देकर चेन्नई के सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए।

तखतगढ़ पुलिस ने अपहरण व पोक्सो के आरोपी को जेल भेजा

तखतगढ़(पाली)। तखतगढ निवासी एक नाबालिग के अपहरण के दर्ज मामले मे पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस थाना प्रभारी प्रकाश कुमार जीनगर ने बताया कि तखतगढ़ निवासी एक पिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह अपने परिवार सहित तखतगढ़ में किराये के मकान में निवास करता है। परिवार में पत्नी व दो नाबालिग पुत्रियां एवं दो पुत्र हैं।

17 वर्ष की पुत्री 16 मई को दोपहर 2-3 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। पति- पत्नी दोनों मजदूरी से शाम 6 बजे घर आए तो उसको इधर-उधर ढूंढा लेकिन नहीं मिली। बेटी नाबालिग को कोई शादी करने की नियत से भगाकर ले गया है। वह अभी ना समझ है। जो वर्तमान आयु 17 वर्ष 7 माह है।

पुलिस ने पोक्सो व अपहरण मे मामला दर्ज कर राजपुरा हाल मंदिर गली तखतगढ़ ईश्वर पुत्र गणेशाराम को गिरफ्तार कर न्यायालय मे पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा है, जबकि नाबालिग को नारी निकेतन मे भिजवाया है।

सबगुरु राशिफल : 30 मई मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2080, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 01.08 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज व्यापार में लाभ होगा। नौकरी में उन्नति का योग बनेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। आज अधिक से अधिक काम करने की कोशिश करें क्योकि आपको आज के अपने सब कामों में सफलता मिलेगी। आप अपने किसी करीबी से सलाह ले सकते हैं। अगर आप अपनी चीज़ों का ध्यान नहीं रखेंगे, तो उनके खोने या चोरी होने की संभावना है। नजदीकी लोगों से कई मतभेद उभर सकते हैं। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको एक मनोवैज्ञानिक अंतर्दृष्टि प्रदान करता है, जो आपको निर्णय लेने में सहायता प्रदान करेगा। आपका मित्र आज आपको एक मूल्यवान प्रतिक्रिया दे सकता है।

वृषभ :- आज व्यावसायिक स्थल पर अनुकूल वातावरण रहेगा। उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होंगे। प्रमोशन के योग हैं। आज आपको सच बोलने से कार्य में सफलता मिलेगी। अधिकारी कार्यशैली से प्रसन्न होंगे। वैवाहिक चर्चा में सफलता मिलने से उत्साहित रहेंगे। मुहब्बत का सफर प्यारा, मगर छोटा होगा। आपकी संप्रेषण की क्षमता प्रभावशाली साबित होगी। परिश्रम द्वारा आर्थिक क्षेत्र में सफलता अर्जित करेंगे। भाई बंधुओं की नौकरी व्यवसाय शिक्षा आदि की चिंता का समाधान हो सकता है आपकी कार्यकुशलता और स्वास्थ्य उत्तम बना रहेगा। आपका तेज काम आपको प्रेरित करेगा।

मिथुन :- आज आपके व्यावसायिक स्थान पर कार्य भार बढ़ेगा। व्यापार-धंधे में लाभ होने की संभावना है। आपके घरेलू जीवन में अशांति का वातावरण देखने को मिल सकता है। बेहतर प्रयासों से आपको सफलता मिलेगी और आपकी आमदनी में भी वृद्धि की संभावना है। स्वास्थ्य सामान्य रूप से मध्यम रहेगा। अपना कार्य समय पर कर ले। बुजुर्गो के व्यवहार में कमी आ सकती है। जीवन साथी के साथ हाथ से हाथ मिला के चलना होगा। आप शांत होकर विचार करें और अपने काम पर ध्यान दे। किसी दुर्घटना कि वजह से चोट न लगे इसका खास ध्यान रखें। कारोबारी प्रतिस्पर्धा में यदि आगे निकलना है तो विश्लेषण भली-भांति कर लें।

कर्क :- आज अचानक से धन लाभ होने के योग है जिस से धन की तंगी दूर होगी। पारिवारिक सदस्य भी सहयोग व समर्थ देंगे। बुरे लोगों से दूर रहने की कोशिश करें। परिवार वालों की मांगों को पूरा करने में पूरा दिन और धन खर्च होगा आपका मजाकिया स्वभाव आपके चारों ओर के वातावरण को खुशनुमा बना देगा। आज वे कपड़े न पहनें जो आपके प्रिय को पसंद न हों। अपनों के साथ विनम्रता से पेश आए। आप अभी काफ़ी दबाव में होने के कारण आपको रिश्ते निभाने में मुश्किल हो सकती है। आपको सहकर्मियों की सहायता करनी पड़ेगी।

सिंह :- आज आपके दिमाग में मनोरंजन की बात छाई रहेगी। आगे कदम बढ़ाएं और आपने दोस्तों और परिवार जनों के साथ मिल कर कुछ खास करें। नौकरी-व्यवसाय के जगह भी साथी कर्मचारियों का और उच्च पदाधिकारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण न होने से मानसिक हताशा पैदा हो सकती है। संतान के संबंध में समस्या आएंगी। विरोधियों के साथ वाद-विवाद में उतरना अच्छा नहीं है। आज आप अपने सभी कामों को एक तरफ रख कर सिर्फ मौज-मस्ती करेंगे। आज आप ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। काम-काज से तनाव बढेगा। कोई नया काम या प्रोजेक्ट मिल सकता है।

कन्या :- आज कामकाज की जिज्ञासा बढ़ेगी। सुखवृद्धि एवं पारिवारिक उन्नति होगी। परिवार में क्लेश, मनमुटाव हो सकता है। निद्रा का अभाव रहेगा। मानहानि होने की आशंका है। आर्थिक योजनाओं में धन का निवेश हो सकता है। पड़ोसियों से किसी बात पर मतभेद की संभावना है। भविष्य को लेकर बेकार में चिंता करते रहना आपको बेचैन कर सकता है। मित्रों से मुलाकात होगी। कारोबार में अच्छी खबर मिलेगी। परिश्रम से इच्छित सफलता मिलेगी। शुभचिंतकों का हार्दिक सहयोग रहेगा। महत्वपूर्ण लोगों के साथ बातचीत करते वक़्त अपने शब्दों को गौर से चुनें।

तुला :- आज पैसों के संबंध में बड़े फैसले के लिए किसी से सलाह लेनी पड़ सकती है। कारोबार में इजाफा होगा। आमदनी के नए माध्यम नजर आएंगे। किसी पुराने प्रोजेक्ट या काम को शुरु करने के लिए आज का दिन शुभ है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए किसी से सिफारिश करवानी पड़ सकती है। आत्मविश्वास से कार्य सिद्ध होंगे। आर्थिक योजनाएं सफलतापूर्वक सिद्ध होंगी। मानसिक प्रसन्नता रहेगी। वस्त्राभूषण हेतु खर्च होगा। सफलता हासिल करने के लिए समय के साथ अपने विचारों में बदलाव लाएँ। इससे आपका दृष्टिकोण व्यापक होगा, समझ का दायरा बढ़ेगा, व्यक्तित्व में निखार आएगा और दिमाग विकसित होगा।

वृश्चिक :- आज कार्यस्थल पर आपको सफलता मिलेगी। आपके ऑफिस में काम का बोझ बढ़ सकता है। व्यवसायिक प्रतिद्वंदी आज शांत रहेंगे। कार्यों में देरी होने की सम्भावना है। आज के दिन आपको थोडी बहुत प्रतिकूलताओं का सामना करना पड़ सकता है। व्यवसाय वर्ग से जुड़े हुए लोगों के लिए आज के दिन विदेश से लाभ प्राप्त हो सकते हैं। आपको इस अवसर का लाभ उठाने के लिए खुद को उसके अनुसार डालना होगा।आज के दिन आपके विरोधी भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। जोखिम लेने से बचे। संयम रखे आपको सफलता जरूर मिलेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। आज आपकी सृजनात्मक शक्ति श्रेष्ठ रहेगी।

धनु :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। मित्र भी आपके पक्ष में खड़े रहकर आपकी मदद करते नजर आएंगे। भाग्य आपके साथ है और सफलता आपके कदम चूमेगी। आज रिश्तों को समय दें। दोस्तों और परिजनों से बात करते समय सोच समझकर बोलें, किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। आज किसी अनजान शख्स से सलाह ना लें। धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। अपना व्यवहार सकारात्मक बनाए रखें। आपको आज अच्छे से प्रदर्शन करना होगा जिस वजह से आपको सभी लोगों से अपने काम के लिए सराहना मिलेगी। जल्द ही सफलता के द्वार खुलेंगे।

मकर :- आज आपको व्यापार-सम्बंधित कार्यों में लाभ होगा। आज का दिन आपके लिए सुखद समाचार ला सकता है। थोड़े प्रयत्न से आपको ज्यादा लाभ होगा। दिन के कामों को सेहत बाधित कर सकती है। विवाद सुलझाने का सही समय है। ऑफिस में संभलकर रहें वरना मुसीबत आएंगी। मुद्दों पर स्पष्टता से समस्याएं सुलझेगी। धैर्य से कार्य करें सफलता मिलेगी। धन का व्यय बढ़ेगा। अपनी दोस्ती सोच समझ कर करें। बुरे लोगो के संगत से बचे यह आपके लिए हानिकारक है। आज के दिन कार्यक्षेत्र में आप अपना आपा खो सकते हैं। संतान की जरूरतों पर ध्यान देना होगा।

कुंभ :- आज आप आनन्द का अनुभव करेंगे। काम पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे। मेहनत भी बहुत रहेगी। कुसंगति से बचें। कार्यक्षेत्र में अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए आप हर संभव कोशिश कर सकते हैं। जितना धैर्य रखेंगे आपके लिए उतना ही बेहतर होगा। कार्यों में भाग्य का साथ प्राप्त होगा। आप पैसा बना सकते हैं, बशर्ते आप अपनी जमा-पूंजी पारम्परिक तौर पर निवेश करें। परिवार के लोगों के साथ हंसी-मजाक से दिन खुशनुमा बीत सकता है। किसी भी नये कार्यो में रूकावट पैदा हो सकती है। अतः आप इस समय नए कार्य को शुरू न करें। क्रोध को अपने उपर हावी न होंने दें अन्यथा बनी बनाई योजनाओं पर पानी फिर सकता है।

मीन :- आज अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। छोटी परेशानियां आपको घेरे रहेंगी। इस बात का विशेष ध्यान रखें की आपके फैसले से ऐसी किसी व्यक्ति को दुःख न हो जो आप पर भावनात्मक रूप से निर्भर है। आज आपका विशेष ध्यान दोस्तों पर रहेगा। आपकी सोच-विचार में असामान्य स्पष्टता रहेगी। किसी पुराने दोस्त से या तो आप मिलेंगे या उनमे से कोई आपसे मिलने आज अचानक चला आएगा। बिजनेस में नुकसान होने की आशंका है। आज का दिन सभी गलतफहमी को दूर करने और अपने रिश्ते के जीवन की शक्ति को नवीनीकृत करने के लिए एकदम सही है।

कर्नाटक : मैसूरु के समीप निजी बस व कार टक्कर में 10 लोगों की मौत

बेंगलूरु। कर्नाटक के मैसूरु के समीप सोमवार को हुई एक निजी बस एवं कार की टक्कर में दो बच्चों सहित 10 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी मैसूर की पुलिस अधीक्षक सीमा लाटकर ने दी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि मैसूर जिले के टी नरसीपुरा के समीप हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना से बहुत दुखी हूं जिसमें 10 निर्दोष लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाएगा। मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

यह दुर्घटना मैसूर जिले के टी नरसीपुरा के समीप हुई। मरने वालों की पहचान सुजाता (40), कोटरेश (45), गायत्री (35), श्रव्या (3), मंजूनाथ (35), पूर्णिमा (30), पवन (10), कार्तिक (8) और संदीप (24) और चालक आदित्य के रूप में की गई है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार घायलों में शशि कुमार, पुनीत और जनार्दन शामिल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कर्नाटक के कोप्पल जिले में रविवार को एक कार और लॉरी की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई थी। मृतक विजयपुरा से बेंगलुरु जा रहे थे, जब उनकी कार का टायर फट गया और वह एक लॉरी से जाकर टकरा गई।

दिल्ली में नाबालिग लड़की की निर्मम हत्या, आरोपी युवक उत्तर प्रदेश से अरेस्ट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बाहरी-उत्तरी जिले में 16 साल की एक लड़की की निर्मम हत्या के आरोपी युवक को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने सोमवार को बताया कि आरोपी मोहम्मद साहिल (20) को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह रेफ्रिजरेटर और एसी का मैकेनिक है। उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल दहला देने वाली यह घटना रविवार रात को शाहाबाद डेरी थाना क्षेत्र के जेजे कॉलोनी के बी ब्लॉक में हुई थी।‌ बताया जाता है कि पीड़िता एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पहले से उसे जानने वाला साहिल ने उसे रोका और फिर उस पर किसी तेजधार हथियार से कई वार किए। फिर पत्थर मार कर सिर कुचल दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बताया जाता है कि पीड़िता साक्षी और साहिल के बीच दोस्ती थी लेकिन घटना से कुछ दिन पहले किसी वजह से दोनों के बीच कहासुनी के बाद बातचीत बंद हो गई थी। इस वजह से साहिल साक्षी से बेहद नाराज था। इस बीच रविवार को दोनों का अचानक आमना-सामना हुआ। आरोप है कि साहिल ने उस पर हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि साक्षी जेजे कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसके पिता मजदूरी करते हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में वायरल एक सीसीटीवी वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद तत्काल छह टीमें बनाई गईं। इस दौरान साहिल के बारे में पुलिस को बुलंदशहर में अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपे होने की सूचना मिली। इस आधार पर पुलिस ने वहां छापा मारा और गिरफ्तार कर लिया।

झुंझुनूं : मनसा माता की पहाड़ियों पर ट्राली पलटने से 8 लोगों की मौत

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी उपखंड क्षेत्र के मनसा माता की पहाड़ियों में सोमवार शाम श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में गिर जाने से 6 महिलाओं सहित 8 लोगों की मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक घायल हो गए।

कलक्टर खुशाल यादव के अनुसार इस हादसे में 34 लोग घायल हुए उनमें गंभीर रूप से घायल छह महिलाओं ने उदयपुरवाटी राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाने के दौरान दम तोड़ दिया जबकि एक घायल ने सीकर अस्पताल में दम तोड़ा। उन्होंने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए झुंझुनूं एवं सीकर के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा उदयपुरवाटी अस्पताल में पहुंचकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी। उदयपुरवाटी के उपखंड अधिकारी रामसिंह राजावत अस्पताल में पूरे प्रशासनिक अमले के साथ मौजूद हैं।

मनसा माता मंदिर में मूर्ति स्थापना व नौ दिवसीय नौ कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है और क्षेत्र की पापड़ा पंचायत के जगदीशपुरा गांव के ये लोग यज्ञ में शामिल होकर मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।

चित्तौड़गढ़ में मगरमच्छ ने महिला को बनाया शिकार

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार को मगरमच्छ का शिकार बनी महिला का शव सोमवार दोपहर राहत दल ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी से क्षत विक्षत हालत में नदी से निकाल लिया। घटना के बाद से ही आसपास लोगों में दहशत बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी अनुसार शहर के समीपस्थ ग्राम बीलिया निवासी नारायणी भील नामक महिला रविवार को बकरियां चराने गई थी जो शाम तक भी वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश किया लेकिन नहीं मिलने पर पास ही बह रही बेड़च नदी में डूबने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई।

सोमवार सुबह से ही पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम व एसडीआरएफ की टीम के साथ नदी में तलाशी अभियान चलाया तो दोपहर करीब एक बजे महिला का शव घटना स्थल से एक किलोमीटर की दूरी से क्षत विक्षत हालत में बरामद कर अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बाद बताया कि महिला को मगरमच्छ ने शिकार बनाया है लेकिन वह उसे निगल नहीं सका और शरीर पर जगह जगह उसके दोतों के निशान मिले।

इस घटना के बाद नदी के आसपास के गांवों में दहशत का वातावरण बन गया। गौरतलब है कि यहां पर पानी गहरा होने के कारण मगरमच्छ भी है जिनके पहले भी कई लोग शिकार हो गए थे उसके बाद वहां प्रशासन ने एक चेतावनी बोर्ड भी लगाया हुआ है।

लोकतंत्र को मजबूती मिले और देश संविधान अनुसार चले, यही हमारी सोच: गहलोत

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोकतंत्र को मजबूती मिले और देश संविधान के अनुसार चले, यही उनकी सोच बताते हुए कहा है कि इसी अनुरूप प्रदेश में गरीब-अमीर के बीच की खाई को दूर करने के लिए बजट घोषणाएं कर महंगाई राहत शिविरों के जरिए महंगाई से राहत दिलाने की संकल्पना साकार हो रही है।

गहलोत सोमवार शाम यहां पृथ्वीराज रोड़ स्थित राजस्थान हाउस के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रख रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने पानी, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य सहित राज्य के चहुमुंखी विकास में रिकॉर्ड कायम किए हैं। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख रुपए के निःशुल्क इलाज जैसी सुविधा अन्य किसी भी राज्य में नहीं है।

गहलोत ने कहा कि ऐतिहासिक राजस्थान हाउस का पुनर्निर्माण कार्य हमारी प्राथमिकता रही है। राजस्थान से दिल्ली आने वाले आगंतुकों को नए हाउस में उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। इस राजकीय गेस्ट हाउस के पुनर्निर्माण में राजस्थान की कलात्मक स्थापत्य शैली का खूबसूरत तरीके से समन्वय किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिल्ली के राजस्थान एवं बीकानेर हाउस सहित प्रदेश के सर्किट हाउस तथा डाक बंगलों जैसे ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भवनों को मजबूती प्रदान कर रही है।

आवासीय आयुक्त धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि भवन के निर्माण की योजना में राजस्थान शैली के मूल तत्वों तथा वास्तुकला सामग्री के साथ प्रदेश की भावना, संस्कृति एवं परंपरा को प्रमुखता से समन्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि नवीन राजस्थान हाउस की निर्माण योजना में ग्रीन कॉन्सेप्ट, वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर सिस्टम, वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का भी ध्यान रखा गया है।

नई दिल्ली के ‘लुटियंस जोन’ में 7050 वर्ग मीटर में बनने वाला नवीन राजस्थान हाउस, राजस्थान सरकार का एक राजकीय गेस्ट हाउस है। नवीन राजस्थान हाउस में दो बेसमेंट, भूतल और छह फ्लोर का प्रावधान रखा गया है। भवन के बेसमेंट में पार्किंग भी बनाई जाएगी। मुख्य भवन में लॉबी, कैफेटेरिया, वेटिंग एरिया, डाईनिंग एरिया, फव्वारा, हैंगिंग झूमर, एट्रियम आदि का निर्माण किया जाएगा। भवन की बाहरी दीवार पर धौलपुर सैण्ड स्टोन क्लेडिंग का कार्य किया जाएगा।

प्रथम तल पर कॉन्फ्रेंस हॉल, पुस्तकालय और जिम का भी निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। छत पर टैरेस गार्डन, पार्टी हॉल, योग कक्ष आदि का भी निर्माण होना है। श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्थान के विभिन्न प्रान्तों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए दिल्ली आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नेहरू यूथ ट्रांजिट हॉस्टल एवं सुविधा केन्द्र बनाया जा रहा है। इसके लिए 256.91 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जा चुकी है। जिससे उनको होने वाली समय एवं धन की हानि को न्यूनतम किया जा सकेगा।

उनको एक ही स्थान पर रहने, खाने एवं पढ़ने की सुविधा मिल सकेगी। नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस को भी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के कला एवं सांस्कृतिक केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए 42.89 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके अंतर्गत एम्फीथिएटर, आर्ट गैलेरी, ऑफिस ब्लॉक, इन्डोर थिएटर, स्टॉफ क्वार्टर्स, सुरक्षा स्टॉफ क्वार्टर्स सहित विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे।

अजमेर भाजपा प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ ने किया मोदी अभिन्दन रथ का शुभारंभ

अजमेर। भाजपा प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ की अओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारीयों को आम जन तक पहुंचाने व 31 मई को आयोजित होने वाली जन सभा में आमंत्रित करने के उदेदश्य से मोदी जी के 9 साल बेमिसाल पर 9 रथ विभिन्न वार्डो में रवाना किए गए।

संगठन मंत्री चन्द्रशेखर व नेता विपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड ने रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर संभाग प्रभारी सुभाष काबरा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रभानमंत्री मोदी ने पांच सौ वर्ष पूर्व श्रीराम जन्म भूमि पर विदेशी आक्रांता द्वारा निर्मित स्मृतियों को मिटाते हुए राष्ट्रीय अस्मिता एंव जन जन की आस्था के प्रतिक भगवान श्री राम मन्दिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। करोडों श्रदालु आपके इस कार्य के लिए आपके आभारी है।

धारा 370 को हटाने जैसे साहसिक कार्य आपने किए व अन्तिम छोर तक बैठे नागरिक की चिंता करते हुए सैकडों लाभान्वित करने वाली योजनाओं को क्रियांवित किया। इसके लिए आमजन आपके आभारी रहेंगे। समारोह में पुखराज पहाडिया, प्रवीण जैन, जिला सयोजक उमेश गर्ग, सहयोजक सुभाष दत्त शर्मा, उषाकिरण जोशी, अशोक राठी, ओम प्रकाश विजयवर्गीय, राजेन्द्र मित्तल, प्रदीप बंसल, सुखेश खण्डेलवाल, कमल खण्डेलवाल, विकास चौपड़ा, दीपक चौपड़ा सहित प्रबुद्धजन व मण्डल संयोजक उपस्थित रहे।

जयपुर में राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन निकला

जयपुर। राष्ट्र सेविका समिति जयपुर प्रांत के प्रवेश वर्ग का पथ संचलन सोमवार को जयपुर में हुआ। संचलन में माताओं बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

संचलन जवाहर नगर स्थित सरस्वती बालिका विद्यालय से प्रारंभ हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तीन किलोमीटर तक निकल पुनः सरस्वती बालिका विद्यालय पहुंचा। संचलन में भगवा ध्वज लेकर ध्वज वाहिनी और साथ चल रही बहने वातावरण को बहुत ही ओजस्वी और देशभक्तिमय बना रही थीं। घोष गण की गूंज से सारा वातावरण गूंज रहा था। स्थान स्थान पर लोगों ने पुष्प वर्षा द्वारा सेविकाओं का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर सेविकाओं को डॉ. मंजू शर्मा वायव्य क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें निरंतर गतिमान रहना होगा। वर्ग में रहते हुए शारीरिक शक्ति, मानसिक बल, अनुशासन समयबद्धता, नियमितता आदि सभी गुणों में जो श्रेष्ठता प्राप्त की उसका संचरण समाज के अन्य लोगों में भी हो इस हेतु से पथ संचलन का आयोजन किया जाता है। संचलन में चलने वाली बहनों सेविकाओं और अधिकारियों की संख्या 125 रही।