Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 211 -
होम ब्लॉग पेज 211

पाली के कोसेलाव में विवाहिता ने लगाया फंदा, पीहर पक्ष ने दर्ज करवाया दहेज हत्या मामला

तखतगढ़ (पाली)। थाना क्षेत्र के कोसेलाव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सेवारत एक संविदाकर्मी की पत्नी के फांसी के लटकने के मामले में शुक्रवार को पीहर पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।

थाना प्रभारी प्रकाश जीनगर ने बताया कि माण्डल निवासी खंगाराराम पुत्र भलाराम मीना ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसकी पुत्री रतन देवी की शादी जालोर जिले के पुराना बेदाना निवासी नरपतराम पुत्र केसाराम के साथ दो साल पूर्व सामाजिक रीति रिवाजोनुसार हुई थी।

शादी के बाद उसका दामाद नरपतराम, जो कोसेलाव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में संविदा कर्मी के रूप में सेवारत है। वे किराए के मकान में निवासरत थे। पूर्व में उसकी पुत्री से कई बार दहेज की मांग कर चुके। दो माह तक पुत्री पीहर में ही रही।

15 मई को उसकी पुत्री रतन को दामाद माण्डल से कोसेलाव ले आए। पिता ने आरोप लगाया कि गुरूवार शाम को फोन आया कि उसकी पुत्री बीमार हो गई। इसके वे कोसेलाव पहुंचे तो उसके फंदे से नीचे उतारी हुई मिली। मृतका पुत्री के शरीर पर चोटों के निशान थे। उसके पैर भी जमीन थे। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके दामाद ने पुत्री की हत्या कर दी।

पुलिस थाना प्रभारी जीनगर व सांडेराव थाना प्रभारी सरजिक मलिक ने मौके से पहुंचकर शव को मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को एसपी के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड के लिए सांडेराव से डाॅ मोहनलाल एवं धणा के चिकित्सक सूर्यप्रकाश ने शव का पोस्टमार्टम किया। बाद में पीहर पक्ष को शव सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करवाकर जांच पत्रावली सुमेरपुर उपखंड अधिकारी को प्रेषित कर दी है।

बंबई हाईकोर्ट ने सीबीआई को समीर वानखेड़े के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने से रोका

मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को सीबीआई को निर्देश दिया कि वह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े के खिलाफ बॉलीवुड मेगास्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के 2021 क्रूज शिप ड्रग्स केस की गिरफ्तारी से जुड़े 25 करोड़ रुपएये की फिरौती के मामले में कोई दंडात्मक कार्रवाई न करे।

न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख और न्यायमूर्ति आरिफ डॉक्टर की अवकाश पीठ ने वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी द्वारा कोर्डेलिया क्रूज ड्रग मामले में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने की मांग वाली याचिका के जवाब में यह निर्देश दिया।

आदेश पारित करते हुए अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17ए के तहत एक रोक है, जिसमें कथित अपराध के चार महीने के भीतर जांच करने की आवश्यकता है, जो 2021 में हुआ था।

अदालत ने वानखेड़े और उनके वकील रिजवान मर्चेंट का एक हलफनामा भी दर्ज किया कि वानखेड़े शनिवार को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई कार्यालय में सुबह 11 बजे पेश होंगे। अपनी याचिका में जिसका शुक्रवार को उल्लेख किया गया था और तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया था, वानखेड़े ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई बदले की कार्रवाई है।

सीबीआई ने पिछले शुक्रवार को वानखेड़े, एनसीबी के तत्कालीन अधीक्षक विश्व विजय सिंह और आशीष रंजन, एनसीबी की मुंबई जोनल इकाई के तत्कालीन खुफिया अधिकारी, साथ ही भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत निजी व्यक्तियों केपी गोसावी, सैनविल डिसूजा और अज्ञात व्यक्तियों के साथ के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था।

बुधवार को वानखेड़े ने सीबीआई के समन पर रोक लगाने और स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के लिए एजेंसी को निर्देश देने और कुछ व्यक्तियों के खिलाफ की गई शिकायतों पर कार्रवाई करने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर याचिका वापस ले ली।

IPL 2023 : पंजाब का पुलिंदा बांध राजस्थान पावर प्ले की दौड़ में बरकरार

धर्मशाला। यशस्वी जायसवाल (50), देवदत्त पडिक्कल (51) और सिमरन हेटमेयर (46) की बेखौफ बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रायल्स ने शुक्रवार को यहां खेले गए आईपीएल मुकाबले में पंजाब को चार विकेट से हरा कर पावर प्ले की दौड़ में खुद को जीवित रखने में सफलता अर्जित की।

इस मैच में जीत के बावजूद राजस्थान को अब मुबंई इंडियंस और रायल सुपर चैलेंजर्स की बड़े अंतर की हार का इंतजार करना होगा। धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर उतार चढ़ाव से भरपूर इस मुकाबले में सैम कुरेन (49 नाबाद), जितेश शर्मा (44) और शाहरूख खान (41 नाबाद) की उम्दा बल्लेबाजी की मदद से पंजाब किंग्स ने पहले खेलते हुये पांच विकेट पर 187 रन बनाये जिसके जवाब में राजस्थान ने विजयी लक्ष्य दो गेंद शेष रहते छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

जोस बटलर (0) का विकेट खाेने के बाद यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल ने 73 रन की साझेदारी कर पहले राजस्थान की जीत की बुनियाद तैयार की जबकि बाद में सिमरन हेटमेयर ने रेयान पराग (20) के साथ मिल कर जीत का परवान चढाने में महती योगदान दिया। 19वे ओवर में हेटमेयर का विकेट गिरने के बाद मैच एक बार फिर बराबरी का हो गया था मगर ध्रुव जुरेल (10) ने दीपक चाहर की गेंद पर विजयी छक्का लगाकर पंजाब की उम्मीदों का तुषारापात कर दिया।

हेटमेयर ने आज शानदार खेल दिखाया और 28 रन की पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। उन्हे सैम कुरेन की गेंद पर कैच आउट करार दिया गया मगर उन्होने डीआरएस का इस्तेमाल किया जिसमे गेंद उनके बल्ले से दूर दिखी। इसके बाद वे कुरेन की गेंद पर ही लपके गये मगर इस बीच उन्होंने जीत के लिए उपयोगी रन का जुगाड़ कर लिया था।

इससे पहले पंजाब किंग्स की टीम शुरूआती चार विकेट महज 50 रन पर गंवा कर संघर्ष की स्थिति में आ गई थी मगर सैन कुरेन ने पहले विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े जबकि बाद में उन्होंने हरफनमौला शाहरूख के साथ रनों की रफ्तार को तेज करते हुए 73 रन की उपयोगी नाबाद साझीदारी निभाई।

प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के लिए राजस्थान को निर्धारित 20 ओवर में 188 रन बनाने होंगे। अगर पंजाब इस स्कोर को बचाने में सफल रहता है तो उसके भी प्लेआफ की दौड़ में बने रहने की संभावना बरकरार रहेगी।

टास जीतकर पंजाब को पहले बल्लेबाजी कराने का राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन का फैसला सही साबित हुआ जब नवदीप सैनी (40 रन पर तीन विकेट), ट्रेंट बोल्ट (35 रन पर एक विकेट) और एडम जंपा (26 रन पर एक विकेट) ने पावर प्ले के दौरान एक के बाद एक चार विकेट उखाड़ दिए।

इस समय मैच पूरी तरह राजस्थान की गिरफ्त में नजर आ रहा था मगर एक छोर पर सैम कुरेन ने नए बल्लेबाज जितेश के साथ पारी को आगे बढाना शुरू किया और दोनों बल्लेबाजों ने राजस्थान के गेंदबाजों की ढीली गेंदों पर प्रहार कर रन समेटने शुरू कर दिये। इस बीच पारी के 14वें ओवर में सैनी का तीसरा शिकार बने मगर आउट होने से पहले उन्होंने मात्र 28 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के लगाकर अपनी टीम को मैच पर वापस ला दिया था।

जितेश के आउट होने के बाद युवा शाहरूख ने भी राजस्थान के गेंदबाजों के पसीने छुडा दिए। उन्होंने कुरैन का भरपूर साथ देते हुए 23 गेंदों की नाबाद पारी में 41 रन जोड़े जिसमें उनके चार चौके और दो छक्के शामिल है। उधर, अर्धशतक से मात्र एक रन पीछे रह गए कुरेन भी नाबाद वापस लौटे। उन्होने 72 मिनट क्रीज पर गुजारे जिसकी बदौलत पंजाब चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खडा करने में सफल रहा।

सबगुरु राशिफल : 20 मई शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा खास

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2080, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 09.31 बजे बाद द्वितीया तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी भी आपको मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आयेंगे और सजने सवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करें। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते है।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाये रखें। नई योजनायों का आरम्भ करके और नाम कमायेंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च के आसार हैं।

मीन :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है।सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

कोटा में बुजूर्ग को ब्लैकमेल कर 15 लाख रूपए की ठगी करने का आरोपी अरेस्ट

कोटा/भरतपुर। राजस्थान में कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति को युवती की न्यूड वीडियो दिखाकर सेक्सटर्सन में फंसाने के बाद करीब 15 लाख की ठगी करने के एक आरोपी को पुलिस ने कामां थाना अंतर्गत गाब बगीची, सुनेहरा से गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 5 महीने पहले सीनियर सिटीजन को उसके वॉट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात वीडियो कॉल के जरिये एक युवती की न्यूड पिक्चर कुछ सेकेंड के लिए दिखाई गई। कुछ दिन बाद राहुल शर्मा नामक व्यक्ति ने खुद को यूट्यूब केयर से बोलना बताते उनको वॉट्सऐप नंबर पर एक शॉट वीडियो भेजी। वीडियो नहीं हटवाने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी।

आरोपी ने वीडियो हटवाने के बहाने पहली बार में 25 हजार लिए। फिर अन्य व्यक्तियों ने अलग-अलग नंबरों से स्पेशल पुलिस अधिकारी बनकर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रही लड़की की आत्महत्या का प्रयास की एक पिक्चर वॉट्सऐप पर भेज कर अलग-अलग बैंक खातों में डरा धमकाकर एवं सामाजिक बदनाम करने का दबाव बनाकर कुल 14 लाख 99 हजार 800 रूपए ट्रांसफर करवाएं। जांच में पता चला कि कयूम मेव (25) निवासी बगीची, सुनेहरा थाना कामां इस ठगी का मास्टरमाइंड है जिसे कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

4 हजार के ईनामी बदमाश अरेस्ट

भरतपुर की जिला स्पेशल टीम द्वारा पुलिस थाना नगर के डकैती के मामले में 9 साल से फरार 4 हजार के एक ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। जिला स्पेशल टीम के हेडकांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह 1195 व कांस्टेबल चुन्नीसिंह 2070 की विशेष भूमिका के बाद इनामी बदमाश स्थाई वारंटी नवला उर्फ इरसाद मेव निवासी लेवडा थाना कांमा को कस्वा डीग से दस्तयाब कर नगर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। बदमाश की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक भरतपुर की तरफ से चार हजार का इनाम घोषित किया गया था।

अमृता धवन की फीडबैक बैठक से पूर्व हंगामा करने वालो के खिलाफ कार्यवाही की मांग

अजमेर। राजस्थान में अजमेर डेयरी के अध्ययन वं वरिष्ठ कांग्रेसी रामचंद्र चौधरी ने प्रभारी सचिव अमृता धवन की फीडबैक बैठक से पूर्व हुए हंगामे को सुनियोजित षड्यंत्र करार देते हुए निवर्तमान शहर अध्यक्ष विजय जैन तथा मारपीट करने के आरोपियों को निष्कासित करने की मांग की है।

चौधरी ने आज जारी विज्ञप्ति में विजय जैन पर आरोप लगाया कि अपने आकाओं के इशारे पर उन्होंने जो हंगामा कराया वह पूर्व नियोजित षड्यंत्र था। उन्होंने कहा कि प्रभारी सचिव के साथ प्रोटोकॉल में चल रहे प्रदेश सचिव राजेन्द्र यादव ने धवन की यात्रा के दौरान अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को लाने का निर्देश दिया था जिसकी पालना में वे अजमेर देहात से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रभारी के स्वागत के लिए अजमेर लाए थे लेकिन उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

उन्होंने विजय जैन पर यह भी आरोप लगाया कि जब जब भी कांग्रेस के प्रदर्शन में उन्हें भीड़ की जरूरत पड़ती है वे मुझसे मान मन्नवर करते हैं और मैं पार्टी हित में सदैव भीड़ जुटाता रहा हूं। चौधरी ने बताया कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखकर संपूर्ण घटना की जानकारी से अवगत कराया है तथा विजय जैन व बैठक स्थल पर मारपीट करने वाले दस नामजद व्यक्तियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही कर संगठन से छह साल के लिए निष्कासित करने की मांग की है।

धवन की यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हंगामा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं राजस्थान की सहप्रभारी अमृता धवन की अजमेर यात्रा के दौरान आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हंगामा हुआ। वैशाली नगर में गोविंदम समारोह स्थल के बाहर तक पहुंची अमृता धवन कार्यकर्ताओं से बिना बात किए सर्किट हाउस लौट गई। वह जयपुर से अजमेर पहुंची। जिस समारोह स्थल पर उन्हें कार्यकर्ताओं से बातचीत करनी थी वहां गहलोत -पायलट समर्थकों में जमकर हंगामा हुआ और हाथापाई की नौबत आ गई।

अजमेर शहर कांग्रेस की ओर से आयोजित इस फीडबैक कार्यक्रम में पहले से ही देहात कांग्रेस के लोगों के पहुंचकर हॉल पर कब्जा करने का आरोप लगाते शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और माइक सिस्टम को भी बंद कर दिया। पायलट गुट से आने वाले विजय जैन की नाराजगी से आहत कुछ कार्यकर्ताओं ने एतराज किया और धीरे धीरे बात नोंकझोंक से बढ़ती हुई हाथापाई तक पहुंच गई।

कार्यकर्ताओं ने राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान विधायक राकेश पारीक, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी सदर रामचंद्र चौधरी, नगर निगम में प्रतिपक्ष नेता द्रौपदी कोली सहित अनेक नेता उपस्थित थे। ये सभी गहलोत गुट के माने जाते हैं। धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ मुर्दाबाद की नारेबाजी के बाद पुलिस उन्हें सुरक्षित समारोह स्थल से बाहर ले गई। शहर अध्यक्ष विजय जैन ने आरोप लगाया कि यहां कांग्रेस का डेकोरम बिगाड़ने का काम किया है।

फोन टैपिंग प्रकरण : निचली अदालत की न्यायिक प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

कोर्ट ने प्रथमदृष्टया माना : ऑडियो टैप का नहीं है कोई आधार
केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को भी बनाया था आरोपी
जयपुर। प्रदेश में कांग्रेस के सचिन पायलट खेमे की बगावत के बाद गहलोत सरकार गिराने के षड्यंत्र के आरोपों और फोन टैपिंग के चल रह मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने निचली अदालत की न्यायिक प्रक्रिया पर रोक लगा दी है और राज्य सरकार को नोटिस जारी किए हैं। इस मामले में प्रथमदृष्टया कोर्ट ने माना है कि ऑडियो टैप का कोई आधार नहीं है।

हाईकोर्ट ने इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने को कहा है। इस मामले में कोर्ट को वॉइस रिकॉर्डिंग का आधार नहीं दिखा, क्योंकि अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह ने वॉइस टैपिंग की अनुमति देने से इंकार किया था। प्रथमदृष्टया कोर्ट ने माना कि ऑडियो टैप का कोई आधार नहीं है। इस प्रकरण में केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ सरकार की याचिका को कोर्ट पहले भी खारिज कर चुकी है। पूरे मामले की हाईकोर्ट में पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक बाजवा ने की है।

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत सहित तीन पर दर्ज हुई थी एफआईआर

तीन साल पहले तीन ऑडियो क्लिप वायरल हुई थीं, जिसमें विधायकों की खरीद-फरोख्त का दावा करते हुए सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने एसओजी में केस दर्ज करवाए थे। एफआईआर में दावा किया गया था कि वायरल ऑडिया में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा के बीच बातचीत है, जिसमें वे विधायकों खरीद-फरोख्त की बातें कर रहे थे।

महेश जोशी की एफआईआर के आधार पर संजय जैन, विधायक भंवरलाल शर्मा और गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। संजय जैन और कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त बाड़ेबंदी के दौरान एसीबी और एसओजी की टीम गजेंद्र सिंह और भंवरलाल शर्मा के बयान और सैंपल लेने मानेसर और दिल्ली गई थी। बाद में एसओजी ने मामले में एफआार लगा दी, लेकिन एसीबी में जांच जारी है।

वॉयस सैम्पल देने को तैयार थे गजेंद्र सिंह

कांग्रेस नेता केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह पर वॉयस सैम्पल नहीं देने को लेकर लगातार निशाना साधते रहे हैं, जबकि गजेंद्र सिंह शेखावत कह चुके थे कि वे मांगे जाने पर वॉयस सैम्पल देने को तैयार हैं।

फोन टैपिंग के आरोपों की दिल्ली क्राइम ब्रांच कर रही जांच

केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वायरल ऑडियो को आधार बनाकर राजस्थान सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। गजेंद्र सिंह की एफआईआर पर दिल्ली क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। इस मामले में मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा समेत पुलिस अफसरों को आरोपी बनाया गया है।

संभल में 12 साल की सौतेली बेटी से रेप करने वाला हैवान पिता अरेस्ट

संभल। उत्तर प्रदेश में संभल जिले के असमोली क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म करने के आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को बताया कि थाना असमोली के अंतर्गत के एक गांव की निवासी महिला ने थाने में अपने पति के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने दूसरी शादी की है तथा पहले पति के बच्चे भी उसके साथ रहते है। साथ रह रही बारह वर्षीय पुत्री का सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता है और डराता धमकाता है। पुलिस ने नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने के आरोपी पिता को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।

पश्चिम बंगाल में 32000 प्राथमिक शिक्षकों की सेवा समाप्त करने पर रोक

कोलकाता। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न सरकारी स्कूलों में भर्तियों में अनियमितता के आरोप में 32,000 प्राथमिक शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने संबंधी के पूर्व में जारी आदेश पर शुक्रवार को अंतिरम राक लगा दी।

न्यायमूर्ति सुब्रत तालुकदार और सुप्रतिम भट्टाचार्य की पीठ ने पूर्व में जारी न्यायमूर्ति अभिजीत गंगोपाध्याय के आदेश पर आज अंतरिम रोक लगा दी। यह रोक 23 सितंबर तक या अगले आदेश तक लागू रहेगा, तब तक ये 32,000 शिक्षक पहले की तरह काम करेंगे और वे वेतन के पात्र होंगे। पीठ ने अपने अंतरिम आदेश में कहा है कि भर्ती प्रक्रिया न्यायमूर्ति गंगोपाध्याय की एकल पीठ के निर्देशानुसार होगी।

गौरतलब है कि न्यायमूर्ति गंगोपाध्याय ने पूर्व में फैसला दिया था कि 2014 की टीईटी प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा और 2016 के पैनल से प्रशिक्षण नहीं लेने वालों की नौकरी रद्द कर दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने अगले तीन माह के भीतर नये पैनल की नियुक्ति करने के आदेश भी दिए थे।

केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी 23 साल पुराने हत्या के मामले में बरी

लखनऊ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ को छात्र नेता प्रभात गुप्ता की हत्या के 23 साल पुराने मामले से शुक्रवार को बरी कर दिया।

अभियोजन सूत्रों ने बताया कि न्यायमूर्ति मसूदी और न्यायमूर्ति ओम प्रकाश शुक्ला की खंडपीठ ने टेनी और तीन अन्य को बरी करने के निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा है। वर्ष 2004 में जिला और सत्र अदालत ने प्रभात गुप्ता की हत्या के मामले में टेनी और तीन अन्य को सबूतों के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था।

शिकायतकर्ता के वकील अवनींद्र सिंह परिहार ने कहा कि राज्य सरकार ने 2004 में निचली अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए अपील दायर की थी। उन्होंने कहा कि परिवाद के साथ एक पुनरीक्षण आवेदन भी दायर किया गया था और दोनों पर एक साथ सुनवाई की जा रही थी।

गौरतलब है कि छात्र नेता प्रभात गुप्ता की आठ जुलाई 2000 को लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड में सुभाष मामा, शशि भूषण उर्फ पिंकी, राकेश उर्फ डालू और अजय मिश्र टेनी के खिलाफ प्रभात के पिता संतोष गुप्ता ने एफआईआर दर्ज कराई थी।