Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 220 -
होम ब्लॉग पेज 220

महंगाई के दौर में राजस्थान के लोगों को मिल रही बड़ी राहत : गहलोत

पाली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार की जनहित योजनाओं के कारण देश में बढ़ती महंगाई से राजस्थानवासियों को राहत मिलने लगी है और महंगाई राहत शिविरों के जरिए पात्र परिवारों को सौ प्रतिशत राहत दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें अब तक 88 लाख से अधिक परिवार विभिन्न योजनाओं में पंजीयन कराकर 4.10 करोड़ राहत गारंटी कार्ड प्राप्त कर चुके हैं।

गहलोत ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर सिथत जवाईबांध ग्राम पंचायत में महंगाई राहत कैंप और प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान का निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने कुशल वित्तीय प्रबंधन से हर वर्ग को राहत पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दूरदृष्टि सोच से महिला सशक्तिकरण की दिशा में और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने खाद्य, शिक्षा, सूचना और रोजगार की गारंटी कानून बनाने के क्रांतिकारी फैसले लिए। उसी तरह राजस्थान सरकार द्वारा भी निरोगी राजस्थान के लिए स्वास्थ्य का अधिकार (आरटीएच) लागू किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि बढ़ाकर आमजन को आर्थिक व सामाजिक संबल प्रदान किया है। केंद्र सरकार को भी राजस्थान की तरह योजनाएं पूरे देश में लागू करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 25 लाख रुपए तक के निःशुल्क इलाज, न्यूनतम 1000 हजार रुपए पेंशन, घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 100 और कृषि उपभोक्ताओं को 2000 यूनिट निःशुल्क बिजली, प्रतिमाह अन्नपूर्णा फूड पैकेट, महात्मा गांधी नरेगा और इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 125 दिन के रोजगार जैसी योजनाओं से आमजन के चेहरों पर खुशी लौट आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पाली को संभाग बनाने की घोषणा राज्य सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बना है। इससे प्रशासन और जनता के बीच की दूरियां कम होगी। कार्यों में सुगमता आने से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की सोच साकार होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुम्बई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से भी पाली में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। पाली में प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के खुलने से आमजन को राहत मिली है। जवाई बांध पुनर्भरण परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई क्षेत्र बढ़ेगा।

केन्या में ‘भूख पंथ’ के मरने वाले सदस्यों की संख्या 179 तक पहुंची

नैरोबी। केन्या में भूखे रहकर साधना करने वाले पंथ के मरने वालों सदस्यों की संख्या बढ़कर 179 हो गयी है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

मीडिया ने अप्रैल माह में रिपोर्ट प्रकाशित की थी कि धार्मिक गुरू पॉल मैकेंज़ी के नेतृत्व वाले एक ‘पंथ’ के दर्जनों अनुयायी इस धारणा के साथ स्वयं को भूख से मार रहे हैं कि इस तरह से मृत्यु होने पर वे स्वर्ग जाएंगे। चार लोगों के शव मिलने के बाद पंथ के नेता को गिरफ्तार कर लिया गया।

तट क्षेत्रीय आयुक्त रोडा ओन्यान्चा ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘भूख पंथ’ के नेता के अनुयायियों के बीच मरने वालों की संख्या बढ़कर 179 हो गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

केन्याई सिटीजन टीवी ने स्थानीय प्रशासन के एक सूत्र का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस ने दक्षिणपूर्वी केन्या के शाखोला जंगल में 12 सामूहिक कब्रों में दफन कम से कम 29 शवों को बरामद करने के बाद यह घोषणा की।

एएफपी ने पहले अदालत के दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि पंथ के पीड़ितों के पहले खोजे गए कुछ शवों में आंतरिक अंग गायब पाये गये थे। एजेंसी ने कहा कि जांच के दौरान 112 लोगों के अवशेषों की जांच की गई।

पॉल मैकेंजी को अप्रैल में गिरफ्तार किया गया और मई की शुरुआत में केन्याई अभियोजक के कार्यालय ने कहा कि उस पर आतंकवाद का आरोप लगाया जाएगा।

कर्नाटक की कमान कांग्रेस के हाथ, दक्षिण का एकमात्र राज्य भाजपा से खिसका

बेंगलूरु। अगले साल के आम चुनाव से पहले की महत्वपूर्ण चुनावी लड़ाई में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के विरुद्ध कर्नाटक में बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी ने 224 सदस्यीय विधानसभा सीट में 136 सीट जीत कर एक नया इतिहास कायम किया है और इसके साथ ही पार्टी केन्द्र में भाजपा के खिलाफ विपक्ष की लामबंदी के प्रयासों के केन्द्र में आ गई लगती है।

दस मई के चुनाव के शनिवार को हुई गणना में भाजपा 65 सीटों पर सिमटने के साथ सत्ता से बाहर हो गयी है। देवगौड़ा परिवार के नेतृत्व में राज्य की राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली भूमिका निभाने वाली जनता दल सेकुलर (जेडीएस) को वोट और सीट के हिसाब से बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और पार्टी इस बार केवल 19 सीट पर सिमट गई।

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने इस जीत को कर्नाटक की जनता की जीत बताया और कहा कि राज्य में लड़ाई सांठगांठ से काम करने वाले पूंजीपतियों की ताकत और गरीब जनता की शक्ति के बीच थी। ताकत के आगे शक्ति जीत गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस को जीत की बधाई देते हुए उसे कर्नाटक की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए शुभकामना दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा है कि पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी लेकिन यह कार्यकर्ताओं के लिए कोई घबराने वाली, निराश या हताश होने वाली बात नहीं है।

भाजपा ने जुलाई 2021 में दियुरप्पा के नजदीकी लिंगायत नेता बसवराज बोम्मई को राज्य सरकार की कमान सौंपी थी और उसे उम्मीद थी कि वह दुबारा सत्ता में आकर दक्षिण में एक नया इतिहास रचेगी। पार्टी ने इस बार 72 नए लोगों को टिकट दिया था जिसकी वजह से पार्टी में कुछ असंतोष हुआ था और पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार जैसे लिंगायत नेता कांंग्रेस में चले गए थे।

अगले वर्ष के आम चुनाव से पहले यह विपक्ष का मनोबल बढ़ाने वाला राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है और इससे कांग्रेस सबसे अधिक उत्साहित है। पार्टी नेता उम्मीद जता रहे हैं कि अगले आम चुनाव के बाद पार्टी केन्द्र में सरकार का नेतृत्व कर सकती है और पार्टी नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर शनिवार को 2025 बजे मतगणना की स्थिति के अनुसार कांग्रेस 134 सीटों पर जीत चुकी थी और दो पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे थे। भाजपा को 64 सीटों पर विजय मिली थी और एक सीट पर उसका प्रत्याशी आगे था। इस तरह भाजपा 2018 के चुनाव वाला प्रदर्शन दोहराने में विफल रही है, जबकि पार्टी 104 सीटें जीत कर सबसे बड़ा दल बनी थी।

इस चुनाव में देवगौड़ा परिवार के नेतृत्व वाले जनता दल (सेक्युलर) को भी करारा झटका लगा है और उसकी सीटें तथा वोट हिस्सेदारी काफी कम हुई है। आयोग के अनुसार जेडीएस को 14 सीटों पर जीत मिल चुकी है और छह सीटों पर उसकी बढ़त है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 80 और जेडीएस को 37 सीटें मिली थीं। दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार सफल हुए हैं।

कल्याण राज्य प्रगति पक्ष को एक सीट मिली है और एक सीट सर्वोदय कर्नाटक पक्ष के खाते में गयी है। मतगणना के रुझानों के अनुसार कांग्रेस को कुल मत में 42.89 प्रतिशत, भाजपा को 35.99 प्रतिशत, जेडीएस को 13.30 प्रतिशत वोट मिले थे।

वर्ष 2018 में कुल पड़े मतों में कांग्रेस को 38.14 प्रतिशत, भाजपा को 36.35 प्रतिशत और जेडीएस को 16.3 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी की इस जीत को कर्नाटक की जनता की जीत बताते हुए कहा है कि आगे दूसरे राज्यों में भी इसी तरह के नतीजे आएंगे।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने चुनाव परिणाम पर खुशी जताते हुए उम्मीद जतायी है कि अगले साल आम चुनाव में विपक्षी दल एकजुट होंगे तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि वह जनता के फैसले का स्वागत करते हैं और विपक्ष की भूमिका निभायेंगे।

येदियुरप्पा ने कहा की कार्यकर्ताओं को दुखी होने की जरूरत नहीं है, घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हार-जीत भाजपा के लिए बड़ी बात नहीं है, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठ कर मंथन करेंगे।

कर्नाटक विस चुनाव में कई दिग्गजों को जीत और कई प्रमुख नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शिगगांव सीट पर कांग्रेस के पठान यासिर हमेद खान को करीब 36 हजार वोट से हराया। बोम्मई को 100016 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी खान को 64,038 वोट मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी सिद्दारमैया ने वरुण सीट से भाजपा के मंत्री वी सोमना को करीब 46 हजार से अधिक वोट से मात दी। सिद्दारमैया को 1,19,816 और सोमना को 73,653 वोट मिले। कनकपुरा सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने भाजपा के आर अशोक को 1.24 लाख वोट के भारी अंतर से हराया। शिवकुमार को 1,43,023 और अशोक को 19753 वोट मिले।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र एवं कांग्रेस उम्मीदवार प्रियांक खड़गे ने चित्तपुर सीट से भाजपा के मणिकांत राठौर को करीब 11 हजार वोट से शिकस्त दी। प्रियांक को 81,323 और राठौर को 67,683 वोट मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री और लिंगायत समाज के बड़े नेता बी एस येदियुरप्पा के पुत्र एवं भाजपा उम्मीदवार विजयेंद्र येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा सीट पर निर्दलीय नागराज गौड़ा को करीब 11 हजार वोट से हराया। विजयेंद्र को 81,810 और उनके प्रतिद्वंदी को 70,802 वोट मिले।

कल्याण राज्य प्रगति पक्ष (केआरजेपीपी) के अध्यक्ष जी जनार्दन रेड्डी ने गंगावती सीट से कांग्रेस के इकबाल अंसारी को आठ हजार से अधिक वोट से मात दी। रेड्डी को 66,213 और अंसारी को 57,947 वोट मिले।

विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा प्रत्याशी विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी सिरसी सीट से कांग्रेस के भीमन्ना टी नाइक से आठ हजार से अधिक वोट से हार गए। नाइक को 76,887 और हेगड़े को 68,175 वोट मिले।

भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार हुबली-धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनाव हार गए हैं। शनिवार को हुई मतगणना में शेट्टार को भाजपा के महेश तेंगिनाकाई ने करीब 35 हजार वोट से हराया है। तेंगिनाकाई को 95,064 और शेट्टार को 60,775 वोट मिले। चिकमगलूर सीट से भाजपा के उम्मीदवार सीटी रवि को कांग्रेस के एचडी थम्मैया ने करीब छह हजार वोट से हराया। थम्मैया को 85,054 और सीटी रवि को 79,128 वोट मिले।

अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माने जा रहे कर्नाटक के चुनाव में तीनों प्रमुख दलों भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस ने पूरी ताकत लगा रखी थी। इस चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने चप्पे-चप्पे पर प्रचार किया। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने बड़ी सभायें की।

भाजपा के स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी पूरे जोरशोर से पार्टी का अभियान चलाया।

सबगुरु राशिफल : 13 मई शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, कृष्ण पक्ष, अष्टमी, वार शनिवार, सम्वत 2080, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 06.51 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च के आसार हैं।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

झुंझुनूं में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर PCPNDT संदीप शर्मा रिश्वत लेते अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने झुंझुनूं में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर पीसीपीएनडीटी (राष्ट्रीय ग्रामीण मिशन) संदीप शर्मा को शुक्रवार को एक मामले में 13 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (महानिदेशक अतिरिक्त चार्ज) ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की सीकर इकाई को शिकायत की कि नए सोनोग्राफी सेंटर खोलने के रजिस्ट्रेशन कराने की एवज में शर्मा 13 हजार रुपए एवं शराब की दो महंगी बोतले रिश्वत के रूप में मांग रहे हैं।

सत्यापन के बाद एसीबी सीकर इकाई द्वारा झुंझुनूं में शर्मा को परिवादी से 13 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि सत्यापन के दौरान ही ‌ शर्मा परिवादी से दो महंगी शराब की बोतलें ले चुका था। एसीबी महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है।

श्रीगंगानगर में PWD के अधिशाषी अभियंता पवन यादव ने की आत्महत्या

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में सर्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पवन यादव ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार यादव ने खालसा नगर पंजाबी सिटी में स्थित अपने निवास के एक कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रात्रि लगभग 10 बजे घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना के एएसआई सुरजीतसिंह मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि पवन यादव का शव फंदे पर लटका हुआ था और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। इसी कमरे में एक डायरी में उनका लिखा सुसाइड नोट मिला है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नोट में पवन यादव ने लिखा है कि उसके बीवी बच्चों का ध्यान रखा जाए। वह अपनी मर्जी से आत्महत्या करने जा रहा है। इसके लिए कोई पुलिस कार्यवाही नहीं की जाए। पुलिस ने फिलहाल सुसाइड नोट के बारे में पूरा खुलासा नहीं किया।

पुलिस ने मौके की कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया। पवन यादव के अग्रज रामकुमार यादव द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली में मर्ग रिपोर्ट दर्ज की गई। सुबह डीएसपी (शहर) अरविंद बिश्नोई, कोतवाली से सब इंस्पेक्टर सुभाष बिश्नोई और सेतिया कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

दोपहर को पुलिस पोस्टमार्टम करवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंची तो परिवारजनों ने बताया कि पवन यादव का एक बेटा बेंगलूरु में रहता है। उसके आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। लिहाजा शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। कोतवाली में दर्ज की गई मर्ग की जांच सब इंस्पेक्टर पवन शर्मा के सुपुर्द की गई है।

मोदी मेरी तारीफ नहीं करते बल्कि मुझ पर तंज कसते है : अशोक गहलोत

अलवर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनकी तारीफ नहीं करते है बल्कि मुझ पर तंज कसते है।

अलवर में मिनी सचिवालय का उद्घाटन करने आए गहलोत से पत्रकारों के दौरान पूछे गए सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपकी तारीफ करते हैं तो उन्होंने सवाल किया कि वह मेरी तारीफ कहां करते हैं मेरी मौजूदगी में ही मुझे पर तंज कसते हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे भी प्रोटोकॉल के नाते जाना पड़ा लेकिन यह जरूरी नहीं है। मंच द्वारा जब उन्होंने कहा कि साथ 70 सालों में कांग्रेस ने क्या किया तो यह बात सही नहीं है लेकिन इस कार्यक्रम में कई नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स रेलवे के प्रोजेक्ट थे इसलिए मेरी मौजूदगी रही और मुझे वहां जाना पड़ा। आज देश में जो विकास कार्य हुए हैं वो कांग्रेस की लीडर शिप के कारण है।

उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक भाषण हो सकता है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यह परंपरा सही नहीं है जब उनसे पूछा गया कि एक तरफ तो मानेसर कैंप में यह कहा गया था कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार गिरा रही है दूसरी तरफ भाजपा नेता वसुंधरा द्वारा राजस्थान की सरकार बचाने के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि अभी तो मैं शिविर में लगा हुआ हूं इसके अलावा मुझे कुछ दिखाई नहीं देता। वह इस सवाल की जवाब को टाल गए। सचिन पायलट की यात्रा का सवाल का जवाब भी उन्होंने नहीं दिया।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने रद्द की 36000 अप्रशिक्षित शिक्षकों की नौकरी

कोलकाता। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को 36 हजार अप्रशिक्षित शिक्षकों की नौकरी रद्द कर दी। न्यायमूर्ति अभिजीत गंगोपाध्याय की एकल पीठ ने यह अभूतपूर्व आदेश दिया। न्यायालय ने 36000 नौकरियों को रद्द करने का आदेश दिया। जिन लोगों की नौकरी समाप्त करने का आदेश दिया गया है, वे अप्रशिक्षित शिक्षक हैं। तीन माह के भीतर नई भर्ती के आदेश दिए गए हैं।

न्यायालय के आदेश के अनुसार जिन शिक्षकों की नियुक्ति 2014 की टीईटी परीक्षा में हुई थी, उन्हें अगले चार महीने के भीतर नौकरी छोड़नी होगी। इससे पहले भर्ती में भ्रष्टाचार के कारण इतनी बड़ी संख्या में कभी नौकरियां रद्द नहीं की गई।

भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं वकील तरुणज्योति तिवारी ने 9 साल पहले टीईटी की नियुक्ति में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि इस पैनल में 42 हजार 500 लोगों को नियुक्त किया गया था और सभी को अवैध रूप से नौकरी नहीं मिली। कुछ ने परीक्षा देकर योग्यता के आधार पर भी नौकरी पाई है।

उन्होंने न्यायालय से अवैध तरीके से नौकरी पाने वालों की जांच करने की मांग की। न्यायमूर्ति गंगोपाध्याय ने इस मामले की जांच का जिम्मा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को दिया था। आरोप है कि कईयों को वादियों से कम अंक आने के बावजूद नौकरी दे दी गई है। वर्ष 2016 की भर्ती प्रक्रिया में पैनल में 824 नाम हैं। वादी ने बिना साक्षात्कार दिएये उनसे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। कुल 139 लोगों की सूची तैयार की गई है, जिनके अंक अप्रशिक्षित से अधिक हैं और उन्हें नौकरी मिली है।

तीस हजार से अधिक उम्मीदवारों को भर्ती किया गया है, जिनके अंक आवेदकों की तुलना में कम थे। पिछले वर्ष दिसंबर में न्यायमूर्ति गंगोपाध्याय ने बोर्ड को 139 लोगों की सूची पर गौर करने का निर्देश दिया था। गौरतलब है कि 2016 में 2014 की टीईटी परीक्षा के आधार पर 42 हजार 500 लोगों की नियुक्ति की गई थी।

कोटा में एक और कोचिंग छात्र नवलेश ने की सुसाइड, 5 दिन में तीसरी घटना

कोटा। देश की प्रमुख कोचिंग सिटी माने जाने वाले राजस्थान के कोटा में शुक्रवार को एक और कोचिंग छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिछले पांच दिनों में कोचिंग छात्र के आत्महत्या करने की यह तीसरी घटना है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंड मार्क सिटी इलाके में एक निजी हॉस्टल में रहकर नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की पिछले एक साल से तैयारी कर रहे हैं बिहार के पटना निवासी कोचिंग छात्र नवलेश (17) ने आज सुबह हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोचिंग छात्र के पास के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उसने कहा है कि कोचिंग के तनाव को सहन नहीं कर पाने की वजह से वह अपनी जान दे रहा है। हालांकि इस बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक छात्र के पटना में रहने वाले अभिभावकों को इस हादसे के बारे में सूचना दे दी है और मृतक छात्र के शव को कोटा के एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है जहां परिवार जनों के आने के बाद में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

कोटा में पिछले पांच दिनों में कोचिंग कर रहे किसी छात्र के आत्महत्या करने की यह तीसरी घटना है। इसके पहले गुरुवार सुबह भी लैंडमार्क सिटी में ही एक निजी छात्रावास में रहने वाले उत्तर प्रदेश के एक छात्र धनेश कुमार (15) ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
इसके पहले सोमवार को कोटा के विज्ञान नगर इलाके की एक बहुमंजिला इमारत में रहकर अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कोचिंग कर रहे कर्नाटक के बंगलुरु निवासी कोचिंग छात्र नासिर (22) ने 10 मंजिल इमारत के ऊपर से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।

कोटा में शुक्रवार को कोचिंग छात्र नवलेश (17) के आत्महत्या करने के बाद बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष कनीज फातिमा और समिति के सदस्य अरुण भार्गव एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंचे। दोनों ने कोटा में कोचिंग छात्रों में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति पर गहरा अफसोस प्रकट किया और इस बात पर भी गुस्सा जाहिर किया कि जिस हॉस्टल में रहकर यह कोचिंग छात्र कोचिंग ले रहा था, उसका कोई प्रतिनिधि अस्पताल तक नहीं पहुंचा।

अजमेर : रोडवज बस में प्लास्टिक थैले से दो किलो 300 ग्राम अफीम बरामद

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की केकड़ी सदर थाना पुलिस ने रोडवेज बस से लावारिस प्लास्टिक के थैले से 2 किलो 300 ग्राम अफीम बरामद की।

थाना अधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि कोटा से अजमेर जाने वाली बस को शक के आधार पर भैरू गेट चौराहा केकड़ी पर रुकवाकर चौक किया गया तो एक लावारिस प्लास्टिक के कट्टेनुमा थैले में दो पैकेटों में अवैध मादक पदार्थ अफीम के पैकेट बने मिले जिसमें कुल 2 किलो 300 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि अज्ञात मुल्जिम मौके से भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। मामले में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।

अजमेर कारागृह में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

अजमेर स्थित एक मात्र उच्च सुरक्षा कारागृह में एक सजायाफ्ता कैदी ने बैरक में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक कैदी बारां का रहने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईसिक्योरिटी जेल में ड्यूटी पर तैनात अशोक पोखर से उच्च अधिकारियों को शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि बैरक में सजा काट रहे जनवेद पुत्र इन्द्र (34) निवासी बारां ने मध्यरात्रि में बैरक में ही फांसी का फंदा लगा लिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

सूचना पर मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने एसीजेएम की देखरेख में शव को फंदे से उतरवाकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव सुपुर्द किया जाएयेगा।